May 21, 2026
00000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 सितम्बर 2025। स्थानीय जयपुर पब्लिक स्कूल में शिक्षा विभाग द्वारा पूरे श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों का 11 वर्षीय आयुवर्ग खेल महाकुंभ आयोजित किया गया। जिसमें खो-खो, कबड्‌डी सहित ऐथेलेटिक्स के मुकाबले हुए। निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने बताया कि चार दिनों तक चले इस महाकुंभ में खोखो छात्र वर्ग में जेपीएस विजेता, लोड़ेरां उपविजेता, कबड्‌डी में ज्ञानदीप बरजांगसर विजता एवं श्रीबालाजी स्कूल बाडेला उपविजेता रही। इसी प्रकार छात्रा वर्ग कबड्‌डी में जेपीएस विजेता व आदर्श स्कूल गुंसाईसर उपविजेता, छात्रा खो-खो में विवेकानंद स्कूल लोढ़ेंरा विजेता एवं राउप्रावि जैसलसर उपविजेता रहे। कबड्‌डी एवं खो-खो के अलावा एथेलेटिक्स के खेलों में जेपीएस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया एवं छात्र वर्ग की 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, 100 गुना 4 रिले दौड में विजयी रहे। छात्रा वर्ग की 50 मीटर दौड़ व 100 मीटर दौड़ में गुंसाईसर बड़ा एवं 100 गुना 4 रिले दौड़ में जेपीएस विजेता बना। जिमनास्टिक में जयपुर पब्लिक स्कूल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के लेखन, समूह गान, भाषण, नृत्य की प्रतियोगिताओं में भी जेपीएस विजयी रहा। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने मोबाईल के युग में बच्चों को शारीरिक खेलों से जोड़ने से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास होना संभव बताया। थानाधिकारी ने बच्चों को कठिन श्रम के साथ अपने जीवन को सफलता की दिशा पर आगे ले जाने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि प्रेस क्लब बीकानेर के महासचिव विशाल स्वामी ने पढ़ाई के साथ साथ खेलों को जीवन में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आह्वान किया। दीप प्रज्जवलन से शुरू समापन समारोह में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक प्रभुदयाल जाखड़, सुरेन्द्र पूनियां भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। आयोजन के दौरान जेपीएस द्वारा निदेशक कुंभाराम घिंटाला की अगुवाई में सभी अतिथियों, शिक्षा विभाग द्वारा तैनात किए गए शारीरिक शिक्षकों, अभिभावकों का सम्मान किया गया।