






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 सितंबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ के गांव रिड़ी में भक्तिमय भागवत कथा की रविवार को पूर्णाहुति हुई है और सैकड़ों ग्रामीणों ने गौसेवा का संकल्प लिया। कथावाचक कैलाश तावनियां से भजनों के साथ कथाप्रसंगो को सुन कर श्रद्धालुओं ने जयकारों से पंडाल को गुंजायमान कर दिया। स्व. तोलाराम तावनियां पुत्र नानूराम तावनियां की स्मृति में उनके पुत्रों द्वारा गौसेवार्थ आयोजित भागवत कथा की पूर्णाहुति में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। तावनियां परिवार ने कथा के सम्पूर्ण खर्च के साथ ही गौशाला में गौसेवा हेतु वाहन खरीदने के लिए 4.51 लाख का राशि सहयोग भी दिया। श्रीमती परमेश्वरी देवी तथा उनके पुत्रों का गौशाला समिति ने आभार प्रकट किया।
गौसेवा हमारा धर्म है-गोदारा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भागवत कथा की पूर्णाहुति में प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा भी पहुंचे। तावनियां परिवार ने उनका सम्मान किया तथा गोदारा ने कहा कि सनातन परंपरा में गौसेवा हमारा धर्म है। यहां रिड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि टेमाराम मेघवाल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि गणेशाराम जाखड़, चुन्नीलाल जाखड़ उपस्थित रहें।






