May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 नवंबर 2023। आज महानवमी के दिन एक 65 वर्षीय माता के घुटने का सफल प्रत्यारोपण कर उसे राहत मिलने की बड़ी खबर सरकारी अस्पताल से आई है। अब तक पीड़ित मरीज प्रत्यारोपण करवाने बीकानेर, जयपुर या अहमदाबाद जाते थे और रविवार को ये कार्य पूरे जिले के सभी उपजिला असप्तालों में से श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल में पहली बार सफलता पूर्वक संपन्न हुआ है। राजकीय अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ जगदीश गोदारा व डॉ कादिर अनवर की टीम ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया। अस्पताल प्रभारी डॉ. एसके बिहानी ने प्रसन्नता जताते हुए इसे क्षेत्र में बड़ी मेडिकल उपलब्धि बताया। बिहानी ने बताया कि सरदारशहर के आसपालसर निवासी 65 वर्षीय संतोष देवी को लंबे समय से घुटनों में दर्द की परेशानी थी। घुटने टेढ़े होने की वजह से चलना व नित्य कार्य करना भी मुश्किल था। संतोष देवी ने उपजिला अस्पताल के हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश गोदारा को दिखाया। डॉ गोदारा ने एक्स रे व जांच के बाद घुटना प्रत्यारोपण की आवश्यकता बताई। बिहाणी ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी बात यह रही की यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में ही कर दिया गया है। सीएमएचओ डॉ मोहम्मद अबरार पंवार सहित जिले के सभी अधिकारियों ने अस्पताल टीम को बधाई देते हुए सराहना की। ऑपरेशन टीम में डॉ जगदीश गोदारा, डॉ कादिर अनवर टाक, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ सुनील सहारण सफल प्रत्यारोपण में शामिल रहें। नर्सिंग अधिकारी रामाकांत शर्मा, विजय पाल सियाग, हनुमान कूकना व ओटी सहायक सीताराम का भी विशेष सहयोग रहा।

मरीज के परिजनों ने बताया..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मरीज संतोष देवी के पुत्र महावीर बाजिया ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि माँ लगातार चार-पांच साल से बुरी तरह से परेशान थी और जब हम यहां पहुंचे तो डॉ जगदीश ने बताया कि ऑपरेशन यहीं कर दिया जाएगा। हम विचार कर रहें थे कि श्रीडूंगरगढ़ करवा ले ऑपरेशन यहां या कहीं ओर करवाना चाहिए। डॉक्टर टीम से बातचीत के बाद हमने निर्णय लिया कि यहीं करवा लेना चाहिए। रविवार को माँ का ऑपरेशन हो गया व आज ही उन्हें बहुत राहत महसूस हो रही है। संतोष देवी के साथ उनकी बेटी हंसकोर देवी व दोहिता सुरेंद्र कुमार माली उनके साथ है। सभी परिजनों ने संतुष्टि जताते हुए अस्पताल प्रभारी डॉक्टर एसके बिहानी व डॉक्टर जगदीश गोदरा सहित पूरी टीम का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरकारी अस्पताल की डॉक्टर व सहयोगियों की टीम को मिली जिले भर से बधाईयां, किया सफल ऑपरेशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घुटना प्रत्यारोपण के बाद, मरीज को आया आराम, परिवार ने जताया डॉक्टरों का आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सर्जरी से पहले मरीज के घुटने का एक्सरे, जिसमे दर्द के कारण दैनिक कार्य भी बाधित हो गए।