May 20, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2022। कल सुबह 9 अक्टूबर का रविवार पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रहेगा और हर और हनुमानजी के जयकारे गूंजेगें। रविवार को शरद पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया जाएगा एवं कस्बे सहित क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों में मेला भरेगा। कस्बे के सबसे प्रसिद्ध हनुमान धोरा मंदिर प्रांगण में इस मौके पर एक क्वींटल खीर का प्रसाद चढ़ाया जाएगा एवं रात्रि जागरण आयोजित किया जाएगा। पुजारी श्रीभगवान सिखवाल ने बताया कि खीर शाम को पूजन के बाद चढ़ाई जाएगी एवं रात्रि को अमृत वर्षा के बाद खीर का वितरण किया जाएगा। रविवार सुबह 5 बजे से ही बाबा का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजन शुरू हो जाएगा एवं दिन भर मेले का माहौल रहेगा। रात्रि 8.30 बजे शुरू होने वाले जागरण में गायक कलाकार भवानी शंकर देराजसरी अपनी प्रस्तुतियां देगें। इसी प्रकार कालूबास स्थित पूनरासर हनुमानजी मंदिर, श्रीडूंगरगढ़-पूनरासर कच्चे मार्ग पर स्थित कोस के धोरे वाला मंदिर, नेशनल हाईवे पर खाखी धोरा मंदिर, बिग्गाबास स्थित मेहंदीपूर बालाजी मंदिर, सरदारशहर रोड़ स्थित दास हनुमान मंदिर में भी विशेष आयोजन किए जाएगें। इनके अलावा भी कस्बे के सभी मंदिरों में खीर बनाई जाएगी एवं रात्री 12 बजे हनुमान जी जन्मोत्सव मनाते हुए विशेष महाआरती का आयोजन होगा।
पूनरासर पहुंचने लगे श्रृद्धालू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में सबसे बड़े मंदिर के रूप में पूजे जाने वाले पूनरासर हनुमानजी मंदिर प्रांगण में शरदपूर्णिया के अवसर पर होने वाले मेले में श्रृद्धालूओं की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई है। बीकानेर सहित श्रीडूंगरगढ़ व आस पास के गांवों से हजारों की संख्या में श्रृद्धालू पैदल पहुंच रहे है। लोगों में मेले के लिए जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।