






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 सितंबर 2024। एक कपंनी से माल मंगवाने के लिए उसे एडवांस पैंमेंट के रूप में दस लाख से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी, और कंपनी ने ना माल भेजा, ना रूपए लौटाए, वहीं फर्जी चैक के जरिए चैक अनादरण का नोटिस भी भिजवा दिया, क्षेत्र के एक व्यापारी के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया कि लिखमादेसर निवासी काननाथ पुत्र रूघानाथ सिद्ध ने लुधियाना के परमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि उसकी पत्नी संतोष के नाम से मैसर्स रूघनाथ पोलीमर्स, लिखमादेसर के नाम से एक फर्म है। इस फर्म का सारा कामकाज वहीं देखता है। वह लुधियाना से मैसर्स परमजीतसिंह एडं संन्स के प्रोपराईटर परमजीतसिंह से प्लास्टिक स्क्रेप मंगवाते है। जिसमें परिवादी पहले रूपए भेजते है और उसके बाद आरोपी माल भेजता है। जुलाई 2023 में परमजीतसिंह से माल मंगवाया तो उसने परिवादी से कहा माल तैयार हो रहा है, आप रूपए भेज दो। इस पर परिवादी ने उसे 15-7-23 को तीन लाख, 17.7.23 को दो लाख, 19.7.23 को दो लाख, 20.7.23 को तीन लाख, 29.7.23 को एक लाख, 3.8.23 को एक लाख रूपए, 14.9.23 को एक लाख रूपए के रूप में कुल 10,50,000 रूपए भेज दिए। इस अवधि में परमजीत को माल भेजने के लिए उसने कई बार कहा परंतु आरोपी टाल-मटोल करता रहा। आरोपी जल्दी माल भेजने का आश्वासन देकर रूपए अपनी फर्म के खाते में ट्रांसफर करवाता रहा और बाद में माल भेजने से इंकार कर दिया। परिवादी ने बताया कि आरोपी ने उसकी फर्म के नाम से एक चैक 21 मई 2024 को फर्जी रूप से अनादरण करवाकर उसे झूठा नोटिस भिजवाया। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल भगवानाराम को दी है।



