May 20, 2026
000000000000_

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2025। गांव के बदमाशों पर गैंग बनाकर प्रोटेक्शन मनी मांगने का आरोप लगाते हुए 6 जनों के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है। 50 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र मोहनलाल जांगिड़ निवासी जयपुर ने गांव कितासर निवासी मोहनराम पुत्र मालाराम, रामानंद पुत्र मोहनराम, केशुराम पुत्र भारूराम, जगनिवास पुत्र शिवनारायण, श्रवण पुत्र आदूराम, गिरधारी पुत्र उम्मेदाराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने कितासर की रोही में जमीन खरीद कर रखी है, जहां वह व्यवसायिक कार्य शुरू करेगा, उसने इस जमीन में आने जाने के लिए कई खातेदारों से रास्ते के लिए भूमि खरीद कर रखी है। उसने आरोप लगाया कि कितासर भाटियान के कुछ लोग गैंग बनाकर उससे उसकी जमीन व काम के लिए प्रोटेक्शन मनी की मांग कर रूपए ऐंठने का प्रयास कर रहें है। अपराधिक किस्म के इन लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए काम को बंद करवा देने की धमकियां दी। 29 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कितासर भाटियान में जन सुनवाई आयोजित होनी थी जिसमें दोपहर करीब एक डेढ बजे सी वह रमेश पुत्र बजरंग दर्जी निवासी बिग्गा, रामनिवास पुत्र लूणाराम जाट निवासी दुंकर, रणजीत पुत्र इमरताराम जाट निवासी बालेरा के साथ वह ग्राम पंचायत के सामने रामनिवास की कैंपर गाड़ी के पास खड़े थे, तभी पंचायत के अंदर से आरोपी आए व एकराय होकर गालियां निकालते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। जगराम ने उसे जान से मारने की बात कही और सभी ने उसे घेर कर मारपीट की, परिवादी की जेब से पांच हजार रूपए छीनकर निकाल लिए। उसने बताया कि उसके पास खड़े लोगों ने उसे छुड़वाया नहीं तो आरोपी उसकी हत्या कर देते, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजकुमार को सौंप दी है।