May 30, 2026
IMG-20260530-WA0250

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 मई 2026। तेज अंधड़ के दौरान एक किसान के खेत में भीषण आग लग गई और किसान परिवार की गृहस्थी का लाखों का सामान जलकर खाख हो गया।
गांव आडसर की रोही में किसान मन्नीराम पुत्र मालाराम सांसी के खेत में बने झोंपड़े में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गयी और झोंपड़े में रखा गृहस्थी का सारा सामान, राशन कपड़े सहित, 40 माचा, डीएपी व यूरिया के कट्टे, कई क्विंटल चारा, 7 तिरपाल सहित लाखों का सामान जल गया। एक बकरी जिंदा जल गई और एक मेमना गम्भीर रूप से झुलस गया। कुछ ही पलों में परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया और परिजनों में मायूसी छा गयी।

पीड़ित ने टाइम्स को बताया कि उसने जीएसएस पर सूचना देने का दर्जनों बार प्रयास किया। परंतु वहां किसी ने फोन नहीं उठाया। वह स्वयं ट्रेक्टर लेकर जीएसएस पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला और ताला लटकता मिला। आस पास के खेतों से किसान मौके पर पहुंचे और खासी मशक्कत से ड्रम में पानी भरकर आग पर काबू पाने के प्रयास किया। परन्तु तबतक नुकसान हो गया। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए बिजली नहीं मिलने से लाखों का सामान जलकर खाख हो जाने की बात कही।