May 19, 2026
IMG-20241230-WA0063

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 दिसंबर 2024। जयपुर में सीएम हाऊस से बड़ी खबर श्रीडूंगरगढ़ के लिए आई है। यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में बीकानेर संभाग के नेताओं की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में नेताओं ने अपने अपने क्षेत्र के विकास कार्याें व जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति व आगामी परियोजनाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की। जिसमें विधायक ताराचंद सारस्वत ने श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर व उपजिला अस्पताल निर्माण के लिए बजट की मांग रखी। विधायक ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि राज्य सरकार द्वारा सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में भी अनेक विकास कार्य प्रगति पर है। विधायक सारस्वत ने विकास कार्यों की कार्य योजना बनाकर विकास कार्य करवाने की मांग रखी। सारस्वत ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर व उप जिला अस्पताल के लिए सरकारी बजट का आवंटन करने, श्रीडूंगरगढ़ की चारों ओर बाईपास रिंग रोड का निर्माण करवाने, श्रीडूंगरगढ़ में गहन सर्वेक्षण के साथ ड्रेनेज योजना का कार्य करवाने, शहर व गांव में नहरी पेयजल की आपूर्ति हेतु योजना के अनुसार कार्य करने,  वन विभाग के कोने पर 7 बीघा भूमि में प्राइवेट व सरकारी बस स्टैंड का निर्माण करवाए जाने, नेशनल हाइवे 11 से श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका क्षेत्र के बाहर से बाईपास का निर्माण करने, पूरे क्षेत्र के लिए सीवरेज व पेयजल की कार्य योजना बनवाकर कार्य करवाने, क्षेत्र के कई जगहों पर आर यू बी निर्माण व क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण करवाए जाने की मांगे रखी। इसी के साथ सारस्वत ने क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं सुचारू बिजली दिए जाने, इसके लिए गांव डेलवा, हंसासर, रीडी, ऊपनी में 33/11 के वी जीएसएस स्थापित करवाए जाने, श्रीडूंगरगढ़ में बीहड़ भूमि को मास्टर प्लान बनाकर औद्योगिक भूमि में परिवर्तन करवाते हुए रीको की स्थापना करवाए जाने की मांगे रखी। सीएम ने सभी मांगो को सुनकर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए जनता को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की बात कही। बैठक में कैबिनेट मंत्री समित गोदारा व जोराराम सहित विधायक जेठानंद व्यास, सिद्धि कुमारी, डॉ विश्वनाथ मेघवाल, अशुंमान सिंह भाटी सहित संभाग के नेता मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सीएम हाऊस में सीएम की अध्यक्षता में हुई बीकानेर संभाग के नेताओं की बैठक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सीएम हाऊस में बैठक में विधायक सारस्वत ने रखी क्षेत्र के विकास की अनेक मांगे।