






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जनवरी 2024। कस्बे के सबसे व्यस्त कपड़ा मार्केट रामस्नेही कटले में एक व्यापारी का मन अपनी दुकान पर आई महिला ग्राहक को देख कर डोल गया एवं उसने बदनियती करते हुए महिला के साथ बदसलुकी की। महिला के विरोध करने पर महिला के पति सहित उससे मारपीट की व जातिसूचक गालियां भी निकाली। पीडिता ने जरिए इस्तगासे आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीडिता ने पुलिस को बताया कि वह गत 12 दिसम्बर को आरोपी सांवरमल की दुकान पर अपने पति के साथ कपड़े लाने गई थी। इस दौरान उसका पति चाय पीने बाहर गया तो आरोपी ने उसे गंदे इशारे करते हुए उसके साथ गलत व्यवहार करना शुरू कर दिया। उसने विरोध किया तो व्यापारी ने उसे दुकान में ऊपर चल कर खुश कर देने के एवज में कपड़ा फ्री दे देने की बात भी कही। पीडिता ने विरोध किया एवं इतने में उसका पति भी आ गया तो आरोपी सांवरमल को उलाहना दिया। इस पर आरोपी ने उसके पति के साथ मारपीट की एवं जातिसूचक गालियां दी। पीडिता ने आरोपी के खिलाफ लज्जा भंग करने, मारपीट करने, जातिसूचक गालियां निकालने, छेड़छाड़ करने की धाराओं में आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ गोमाराम चौधरी करेगें।



