






श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से 28 मार्च 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में जोश व उत्साह के साथ रामनवमी के पर्व पर 6 अप्रैल को विशाल धर्मयात्रा का आयोजन होगा। विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजन की व्यापक तैयारियां की जा रही है। विधायक जेठानंद व्यास शुक्रवार शाम को विहिप कार्यालय पहुंचे व यहां यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया। व्यास ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सक्रिय होने की सीख दी। व्यास ने सनातन धर्म की ध्वजा तले प्राणी मात्र के लिए सुख व शांति संभव होने की बात कही। उन्होंने धर्मयात्रा के आयोजन को सफल बनाने के लिए हर घर से युवाओं की इसमें भागीदारी तय करने किए जाने की बात कही। इस दौरान विहिप के जिलाध्यक्ष जगदीश स्वामी व संरक्षक भंवरलाल दुगड़ ने उनका शॉल व साफा पहना कर सम्मान किया। इस दौरान स्थानीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में विहिप कार्यकर्ता मौजूद रहें।

हिन्दू नववर्ष पर सूडसर उपतहसील क्षेत्र के गांवों में निकलेगी शोभायात्रा, हुआ बैनर का विमोचन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा एवं हिन्दू नववर्ष के शुरुआत के दिन रविवार को सूडसर उपतहसील क्षेत्र के पांचों गांवों में शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बैनर का विमोचन शुक्रवार को सूडसर बाजार में किया गया। इस दौरान दुलचासर महंत त्रिलोकदास महाराज,सूडसर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सोहनदास स्वामी, ओमप्रकाश सुथार, पवन स्वामी, दिनेश सारस्वत,करणीदान तावणियां, मुकेश पंवार, किशन स्वामी, महेश मूंधड़ा, सीताराम खोड़,बद्रीलाल नाई, धनराज दर्जी आदि मौजूद रहे। हिन्दू नववर्ष की शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर दिनभर सदस्य जुटे रहे। शोभायात्रा रविवार को सुबह आठ बजे टेऊ कुंआ चौपाल से सूडसर, देराजसर, गोपालसर व दुलचासर होते हुए सूडसर बाजार व सूडसर हनुमानजी के मंदिर पहुंचेगी। जहां पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ व महाआरती होगी। इसके बाद प्रसाद के साथ शोभायात्रा विसर्जित होगी।




