






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 दिसंबर 2024। क्षेत्रीय विधायक ताराचंद सारस्वत पशुपालन एवं गोपालन विभाग के मंत्री जोराराम कुमावत से मंगलवार को जयपुर में मिले और सारस्वत ने क्षेत्र के लिए अनेक मांगे रखते हुए अचंल में सहूलियतें बढ़ाने की मांग की। सारस्वत ने सरदारशहर रोड पर स्थित प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को वेटेरनरी पॉली क्लीनिक में क्रमोन्नत करने की प्रमुख मांग उठाई जिससे क्षेत्र के लोगों को सेवाओं का लाभ मिल सकें। सारस्वत ने गुसाईंसर बड़ा, आड़सर, सेरूणा व धर्मास, रीड़ी, लखासर के उपकेंद्रों को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने, भेड़ ऊन विभाग की रिक्त 10 बीघा भूमि पर चारदीवारी करवाने, पशु चिकित्सालयों व उपकेंद्रों पर रिक्त पदों पर नियुक्तियां देने, पशुपालन, प्रजनन, सेवा व सामान्य उपचार की जानकारी एंव प्रशिक्षण के लिए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सुविधाओं व सेवा प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना करवाने का आग्रह किया। सारस्वत ने कुमावत से कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 100 से अधिक गांव है और सभी गांवो में लोगों का मुख्य रोजगार खेती व पशुपालन ही है। ऐसे में पशुओं के लिए सेवाओं विस्तार अतिआवश्यक है। जिनमें पशु अनुसंधान केंद्र व पशु प्रजनन केंद्र खुलवाया जाना जरूरी है। मंत्री ने यहां की पशु चिकित्सा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए विधायक के आग्रह पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।



