May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2024। जयपुर के राजनीतिक गलियारे से क्षेत्र के लिए बड़ी खबर आई है। गुरूवार को जयपुर में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अध्यक्षता में ऊर्जा विभाग की उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने श्रीडूंगरगढ़ के हित में अनेक मांगे रखी और मंत्री सहित विभागीय अधिकारियों ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। विधायक सारस्वत ने बैठक में बताया की श्रीडूंगरगढ़ पूरे प्रदेश में मूंगफली उत्पादन में अग्रणी स्थान रखता है और यहां मूंगफली बिजाई के समय बिजली आपूर्ति एक बड़ी समस्या है। ऐसे में विशेष योजना के तहत क्षेत्र के किसानों को पूरी बिजली दी जाए जिससे किसान मूंगफली का उत्पादन ले सकें। विधायक ने श्रीडूंगरगढ 220 केवी जीएसएस पर 1*200 MVA की क्षमता के पावर ट्रॉसफॉर्मर स्वीकृत कर स्थापित किया जाने, 220 केवी जीएसएस सेरूणा का निर्माण प्रारंभ करवाने, 132 केवी रीड़ी, ऊपनी लाईन से सुचारू आपूर्ति करवाने के लिए 132 केवी जाखासर का निर्माण पूर्ण करवाने, राजपुरा का 132 केवी जीएसएस का अधूरा निर्माण पूरा करवाने के कार्य शीघ्र पूरे करने की मांग की। वहीं विधायक सारस्वत ने प्रस्तावित श्रीडूंगरगढ-बादनू लाईन का कार्य स्वीकृत कर पूर्ण करवाने के साथ श्रीडूंगरगढ खण्ड के अंतर्गत लगभग 180 कृषि उपभोक्ताओं के जले हुए ट्रॉसफॉर्मर, नये कृषि कनैक्शनों हेतु लगभग 110 व लोडवृद्धि हेतु लगभग 30 ट्रॉसफॉर्मर लंबित है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवंटित कर सुचारू विद्युत आपूर्ति करने की मांग भी रखी। विभागीय अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एलएण्डटी कंपनी को क्षेत्र में दिए गए कार्य शीघ्र पूरे करने के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके है। विधायक के निजी सचिव रजनीकांत ने बताया कि इस बैठक में ऊर्जामंत्री सहित संभाग भर के सभी विधायक शामिल हुए।