






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जनवरी 2022। क्षेत्र की राजनीति में नेताओं का आपसी गतिरोध लगातार बढ़ता नजर आ रहा है और नववर्ष के साथ अब ये विरोध पैना होते हुए नेताओं के बीच से ग्रामीणों की गुटबाजी तक पहुंच रहा है। क्षेत्र के गांव गजपुरा में मीठे पानी का ट्यूबवेल निर्माण विवादों में उलझ गया है। बता देवें रविवार को विधायक गिरधारी लाल महिया द्वारा गजपुरा में ट्यूबवेल का निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने की जानकारी दी गई और पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश नायक सहित ग्रामीणों ने विधायक का आभार भी व्यक्त किया। इसके बाद विरोधी पक्ष के कई ग्रामीण सोमवार को इसे रुकवाने और दूसरी जगह बनवाने की मांग को लेकर प्रधान पति केसराराम गोदारा के यहां पहुंचे और ज्ञापन दिया। इन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्यूबवेल गांव से 5 किलोमीटर दूर किसी निजी खेत में बनाया जा रहा है। जो गांव के काम नहीं आएगा। इस पर गोदारा ने अधिकारियों से वार्ता की व ग्रामीणों से बातचीत के बाद ही ट्यूबवेल का निर्माण करवाने की बात कही। वहीं विधायक पक्ष इस ट्यूबवेल को गांव से 3 किलोमीटर दूर बताते हुए यहां मीठे पानी की उपलब्धता बता रहा है। इस पक्ष का कहना है कि जमीन पीएचईडी को दान कर दी गई है। इस पक्ष की राय है कि गांव को मीठा पानी मिल सके इसके लिए ट्यूबवेल यहां बनाया जा रहा है। अभी मामला ओर खींचने की तरफ बढ़ रहा है और ऐसे में कहीं ऐसा ना हो कि आम ग्रामीणों के हितों की अनदेखी हो जाए। क्षेत्र मे बढ़ रहे राजनीतिक गतिरोध एक दूसरे से कही अधिक जनता के साथ खड़े होने की होड़ पैदा कर रहा है। ऐसे में अब यह हालात विकास में गति लाते है या हो रहे विकास कार्यो को लंबित करते हैं यह सबकी चिंता भी बनी हुई है।



