May 21, 2026
0010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2023। चुनाव नजदीक आने के साथ साथ क्षेत्र में राजनीतिक पारा चढ़ने लगा लगा है। गुरूवार सुबह विधायक के पद की गरिमा के साथ बरती गई लापरवाही से क्षेत्र में माहौल गर्म हो गया। गुरूवार सुबह ग्रामीण ओलंपिक खेलों के दूसरे चरण के उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय विधायक गिरधारीलाल महिया का प्रोटोकाल स्थानीय अधिकारियों द्वारा पालना नहीं किए जाने पर महिया बिफर गए। महिया ने अधिकारियों को जम कर खरी खोटी सुनाई और अधिकारी विधायक से माफी मांगते दिखे। वहीं दूसरी ओर मंच पर मौजूद रहें पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने इस विवाद से खुद को दूर रखा और वे बीच में नहीं बोले। आप भी पढ़ें पूरी खबर विस्तार से।

यह रहा घटनाक्रम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार सुबह नौ बजे से कस्बे के रूपादेवी मोहता राउमावि के खेल मैदान में ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण ओलंपिक के दूसरे चरण का उद्घाटन होना था। तय समय पर सभी पंचायतों में विजेता बन कर आई टीमों के साथ साथ ग्रामीण जनप्रतिनिधि, शहरी जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी आयोजन स्थल पर पहुंच गए। राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस ब्लॉक स्तरीय उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता एवं आतिथ्य विधायक की होना निर्धारित था और इसी कारण क्षेत्रीय विधायक गिरधारीलाल महिया समारोह में पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत में संयोजक द्वारा सूची के अनुसार कार्यक्रम शुरू किया गया एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा का नाम पुकारा गया तो मंच पर मौजूद वर्तमान विधायक गिरधारीलाल महिया को प्रोटोकाल का उल्लंघन नागवार गुजरा एवं वे नाराजगी जताते हुए मंच छोड़ कर चले गए। महिया को रवाना होते देख अधिकारी सकते में आ गए एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उनके पीछे गए एवं उन्हें रोक कर मनाने की कोशिश की। मनाने के दौरान महिया बिफर उठे एवं अधिकारियों द्वारा प्रोटोकाल के उल्लंघन की शिकायत जयपुर तक करने की बात कही। बाद में महिया मान गए व मंच का आतिथ्य स्वीकार किया। इसके बाद कार्यक्रम विधिवत रूप से शुरू हो सका।

अधिकारियों ने गलती मानी, मांगी माफी, शांत हुए महिया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपनी मौजूदगी के बाद भी दरकिनार करने के प्रयास से नाराज विधायक महिया जब रवाना हुए तो उन्हें मनाने के लिए एसडीएम, सीबीईओ, तहसीलदार आदि अधिकारी मंच से करीब 50 मीटर तक उनके पीछे दौड़ कर गए एवं गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। हालांकि मंच संयोजन की सूची पंचायत समिति द्वारा निर्धारित हुई लेकिन फिर भी एसडीएम ने ब्लॉक के सबसे बड़े अधिकारी के नाते गलती किसी की भी हो स्वयं माफी मांगी। इस दौरान विधायक महिया ने प्रोटोकाल की पालना की जिम्मेदारी एसडीएम की बताई एवं पहले से पुख्ता नहीं करने पर अपना रोष जताया। करीब दस मिनिट तक महिया ने अपना गुस्सा जताया एवं अधिकारी माफी मांगते रहे। इसके बाद महिया शांत हुए एवं कार्यक्रम शुरू करवाया। सुनने में आ रहा है कि कार्यक्रम समापन के बाद विधायक से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए भी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उनके खेत की ओर रवाना हुए है।

पूर्व विधायक के प्रति निष्ठा दिखाने का प्रयास, उच्चाधिकारियों ने भी जताई नाराजगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2023। ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक के आयोजन में खर्चा पंचायत समिति के मद से ही हो रहा है। ऐसे में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी पंचायत समिति की रही एवं पंचायत समिति द्वारा ही टेंट, मंच, संयोजन आदि की व्यवस्थाएं की गई है। पंचायत समिति में विकास अधिकारी रामचंद्र जाट पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के गुट से माने जाते है एवं पूर्व विधायक से कार्यक्रम की अध्यक्षता करवाना उनके प्रति अपनी निष्ठा जताना माना जा रहा है। इनके अलावा मंच पर प्रधान सावित्री देवी गोदारा, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, पूर्व विधायक के सर्मथक माने जाने वाले लखासर सरपंच प्रतिनिधि गोर्वधन खिलेरी, लिखमादेसर सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, समदंसर सरपंच प्रतिनिधि खियांराम गोदारा, मोमासर सरपंच सरिता संचेती, उपसरपंच जुगराज संचेती आदि भी मौजूद रहे। इस दौरान विधायक के प्रोटोकाल नहीं रखने पर उपखण्ड अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने विकास अधिकारी से नाराजगी जताई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक ने जताई नाराजगी, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार व सीबीईओ ने मनाया विधायक को।