






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 फरवरी 2024। क्षेत्र के गांव लखासर के विक्रम सिंह के जासूसी के आरोप में पकड़े जाने के बाद वह क्षेत्र में लगातार सबसे चर्चित मुद्दा बना हुआ है। इसी मामले में ताजा अपडेट के रूप में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की एक और नई करतूत का खुलासा हुआ है। जासूसी के लिए टारगेट भारतीय नागरिक से मोबाइल के माध्यम से सम्पर्क होने पर उसे हैक कर लिया जाता है। इससे मोबाइल का संचालन सीधा पाकिस्तान में बैठे आईएसआई के हेंडलर के हाथ में आ जाता है। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज से पकड़ में आए कैंटीन संचालक विक्रम सिंह के मोबाइल की जांच से राजस्थान पुलिस इंटेलिजेंस ने यह चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी लखासर निवासी विक्रम के मोबाइल का डाटा रिकवर करने के साथ उसके बैंक खातों का ब्यौरा भी इंटेलिजेंस ने जुटाया है। पाकिस्तानी महिला हेंडलर्स ने विक्रम के साथ 4 अन्य लोगों से भी मोबाइल पर सम्पर्क किया था। वो जिस नम्बर से की वाट्सअप संचालित करती थी, उसकी डिटेल निकालने पर इसका पता चला है।
यूं हैक किया मोबाइल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने विक्रम के मोबाइल में गोपनीय तरीके से हैक करने वाला बग (सॉफ्टवेयर लिंक) भी इंस्टॉल कर दिया था। पाक महिला एजेंट के दीवाने हुए विक्रम ने उससे फोटो व वीडियो मंगवाई। पाक महिला एजेंट ने खुद की कई फोटो व अश्लील वीडियो के साथ गोपनीय तरीके से बग (मोबाइल हैक करने का सॉफ्टवेयर लिंक) भी वाट्सऐप पर भेजा। पूरी तरह झांसे में आ चुके विक्रम ने पाक महिला एजेंट की भेजी फोटो व वीडियो को जैसे ही डाउनलोड किया, वैसे ही बग उसके मोबाइल में इंस्टॉल हो गया। इसके बाद पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने उसके मोबाइल को सीधे पाकिस्तान से ऑपरेट करना शुरु कर दिया।
अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एंड्रायड फोन के यूजर को अनजान लिंक पर या ब्लक में आने वाले लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। ऐसे में ऐसे बग फोन में आ जाते है जिससे फोन हैक हो जाते है और फोन में आए सभी फोटो वीडियो सहित कॉल डिटेल भी हैकर के हाथ में चली जाती है। ऐसे में सुरक्षा एंजेसिया लगातार नागरिकों को सावधान व जागरूक होने की बात कहते है ऐसी साइट जो सुरक्षित नहीं हो पर क्लिक ना करने की सलाह देती है। स्मार्ट फोन यूजर कोई एप डाउनलोड करें तो गूगल प्ले स्टोर या एपल के एप स्टोर जैसे विश्वसनीय सोर्स से ही डाउनलोड करें। किसी नए या अविश्वसनीय एप स्टोर से कुछ भी, कभी भी डाउनलोड नहीं करें, क्योंकि ऐसे ही एप स्टोर के जरिए हैकर्स आपके स्मार्टफोन को हैक कर पाते है। अगर कोई एप बे वजह की परमिशन मांगता है तो उसे तुरंत डिलीट कर दीजिए।



