






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अप्रैल 2026। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट का असर सोमवार शाम को नजर आने लगा। मंगलवार सुबह श्रीडूंगरगढ़ के पूरे अंचल में आसमान बादलों से अटा है। सुबह ठंडी हवाओं ने सर्दी का खासा एहसास करवाया। अंचल में कहीं चार से पांच अंगुल बरसात हुई है तो कहीं बूंदाबांदी हुई है। तापमान में खासी गिरावट आई है। विभाग ने बुधवार के बाद मौसम साफ होने और गर्मी के जोर पकड़ने की बात कही है। खेतों मे कटी फसलों में किसानों को नुकसान झेलना होगा, जिससे किसान वर्ग मायूस भी है।
कल्याणसर पुराना गांव व आस पास चार से पांच अंगुल बरसात होने की सूचना मिली है। कुनपालसर की रोही में केसर पंवार सहित अनेक किसानों के खेतों में कटी फसल भीग जाने से खासा नुकसान हो गया है। धीरदेसर पुरोहितान में किसान निराण भूकर ने बताया कि 2 अंगुल से अधिक बरसात हुई है। यहां किसान परिवार अलर्ट को देखते हुए अलसुबह खेत में फसल बटोरने पहुंचा परंतु सुबह जल्दी ही आई बरसात ने व्यवधान खड़ा किया और फसलें भीग गई। जिससे परिवार खासा परेशान हुआ।









