






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 नवम्बर 2020। हारेगा कोरोना, जीतेगा बीकाणा जन आंदोलन के तहत श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका कार्मिकों की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है। इसके तहत बुधवार को पालिका अमला बाजार में रहा एवं घूमचक्कर, मुख्य बाजार, पुराना बस स्टेण्ड़ आदि क्षेत्रों में पैदल घूम कर बिना मास्क के घूमने वाले नागरिकों को मास्क वितरण किए व मास्क के बिना नहीं घूमने के लिए पाबंद किया। इस दौरान बिना मास्क लगाए सामान विक्रय करने वाले व्यापारियों को भी मास्क की अनिवार्यता के लिए पाबंद किया व चालान काटे गए। इस दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन में सामान देने वाले दुकानदारों से करीब 10 किलो पॉलीथिन भी जब्त की गई। पालिका अधिषाशी अधिकारी भवानीशंकर व्यास ने बताया कि कस्बे में लगातार अभियान चला कर पॉलीथिन जब्तीकरण, बिना मास्क घूमने व बिना मास्क सामान बेचने वाले दुकानदारों का चालान काटने की कार्रवाई जारी रहेगी। इससे पूर्व मंगलवार रात्रि को पालिका कार्मिकों ने कोरोना जागरूकता के लिए कैंडल मार्च भी निकाला। जिसे उपखण्ड अधिकारी दिव्या चौधरी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। पालिका कार्मिकों ने दो हिस्सों में बंट कर अलग अलग रूट पर कैंडल मार्च निकाला एवं कस्बेवासियों को कोरोना से डरने नहीं जागरूक होने का संदेश दिया। पालिका कार्मिकों की अगुवाई ईओ भवानीशंकर व्यास सहित एसआई कानूराम चांवरिया, कनिष्ठ सहायक धनराज पांडिया व जमादार आदि ने की।






