May 21, 2026
0000000000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जुलाई 2024। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका की जो बैठक मार्च से पहले होनी थी वह बहुप्रतिक्षित साधारण सभा बैठक आखिर जाकर गुरूवार को नगरपालिका के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बंद पड़े एसी के कारण पसीने से तर-बतर पार्षदों ने पक्ष-विपक्ष भुला कर सफाई के मुद्दे पर पालिकाध्यक्ष एवं ईओ को घेरा। हालांकि बैठक में वर्ष 2024-25 के लिए सफाई कार्यों की निविदा, घर-घर कचरा संग्रहण कार्यों की निविदाएं, स्ट्रीट लाईट आन-आफ एवं रिपेयरिंग की निविदा की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्तावों पर सदन की मुहर लग ही गई। हांलाकि बहस के दौरान गत वर्ष के सफाई ठेकेदार पर कार्य नहीं करने एवं उसे भुगतान नहीं करने की बात उठी तो हंगामा होते हुए बैठक पूर्ण की घोषणा कर दी गई। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने की एवं बैठक में 28 पार्षदों ने भाग लिया। 40 में से 12 पार्षद अनुपस्थित रहें जिनमें पालिका उपाध्यक्ष भी शामिल रहें।

20 दिनों में होगें टेंडर, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे में सफाई, रोड लाईट के टेंडर निकालने की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति तो गुरूवार को हुई बैठक में सदन द्वारा पारित कर दी गई है। परंतु अभी भी यह कार्य पूर्ण होने में 20 दिन और लग जाएंगे। बैठक में मौजूद विनोद गिरी गुंसाई सहित अन्य पार्षदों ने कस्बे की वर्तमान स्थिति को नारकीय बताते हुए 20 दिनों तक इंतजार नहीं किए जाने की बात कही। इस पर पालिका ईओ ने आगामी 20 दिनों तक वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की बात कही। वहीं सफाई के मुद्दे पर चर्चा करते हुए पार्षद संतोष बोहरा ने सफाई ठेकों से पहले ही वर्तमान में बिगडे हुए हालातों को सामान्य करने के लिए सात दिनों तक विशेष अभियान चला कर अतिरिक्त कार्मिक लगा कर रात्रिकालीन सफाई करवाने का प्रस्ताव रखा है। इसी प्रकार पार्षद रजत आसोपा ने कस्बे में घर-घर कचरा संग्रहण के टीपरों, ट्रैक्टरों द्वारा कस्बे से डंपिग यार्ड तक चक्कर लगाने के दौरान समय अधिक लगने एवं दरें भी अधिक होने की स्थिति में अधिक खर्च होने के बाद भी सभी घरों में नहीं पहुंचने के हालात को बदलने के लिए हाईस्कूल रोड़ पर बडा कचरा संग्रहण केन्द्र बनाने एवं छोटे वाहनों द्वारा घरों से कचरा यहां तक पहुंचाने एवं वहां से डंपिंग यार्ड तक बडे वाहनों द्वारा परिवहन करवाने का प्रस्ताव रखा। पार्षद भरत सुथार ने वार्ड 32 व 33 के मध्य की गली में स्थाई जलभराव की समस्या से निजात दिलवाने के लिए बडा नाला लगाने की मांग की है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने आक्रामक ढंग से सफाई नहीं होने पर रोष जताया एवं पार्षद जगदीश गुर्जर ने भी सफाई व्यवस्था चाक चौबंद करने की मांग की। बैठक में विक्रम शेखावत, लोकेश गौड आदि पार्षदों ने भी आवाज उठाई।

सांईनाथ को किया 750 रूपए प्रति ट्रोली से भुगतान, हंगामा बढ़ा तो बैठक समाप्ति की घोषणा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका की साधारण सभा बैठक में गुरूवार को आगामी सफाई टेंडरों को स्वीकृति तो दी गई लेकिन इससे पहले गत वर्ष के टेंडरों पर खासा हंगामा भी हुआ। पार्षद सोहनलाल ओझा ने सदन की कार्रवाही शुरू होते ही गत वर्ष के सफाई कार्यों के भुगतान, डीजल आदि की पत्रावलियां मांगी, इस मांग को सदन में अन्य पार्षदों द्वारा बार-बार उठाया गया। पार्षद परसराम राजपुरोहित ने तो गत वर्ष के ठेकेदारों का भुगतान रोकने एवं ब्लैक लिस्ट करने की मांग भी उठाई। पार्षद सुमन छापोला ने गत वर्ष के ठेकेदार द्वारा ठेके की सभी शर्तों का उलंघ्घन करने एवं ठेकेदार के कारण पूरे शहर में गंदगी का माहौल होने का आरोप लगाते हुए संबधित ठेकेदार पर नियमानुसार पेन्लटी के बजाए उसे अतिरिक्त सुविधा देने पर रोष जताया। लगातार हंगामा होने एवं पार्षद अरूण पारीक द्वारा गत ठेकेदार को कितना भुगतान होने, कितना बकाया होने की जानकारी मांगने पर ईओ द्वारा पत्रावलियां मंगवाई गई तो उसमें सामने आया कि ठेकेदार नंदू नाई की फर्म सांईनाथ को यह टेंडर दिया हुआ था। टेंडर के अनुसार प्रति ट्राली भुगतान 575 रूपए करने के बजाए प्रति ट्राली 750 रूपए का भुगतान हाल ही के दिनों में होना पाया गया। इस पर पूरे सदन ने रोष जताते हुए मांग की एवं हंगामा बढ़ा तो पालिकाध्यक्ष द्वारा बैठक समाप्ति की घोषणा कर दी गई।

पार्षदों ने उठाई सड़कों व नालों की मांग, दिए प्रस्ताव, जानें विस्तार से।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में पार्षदों ने अपने अपने वार्डों में नई सड़कें, नाले आदि निर्माण कार्यों के प्रस्ताव भी दिए है। वार्ड 9 की पार्षद झणकार देवी ने अपने वार्ड में पानी निकासी हेतु प्रजापति भवन से ताल मैदान तक 4 फुट लाईन डलवाने, रूपनाथ सिद्ध के घर के आगे से, गोपाल सोनी के घर के आगे से, गंगाराम ओड के घर से बनजी सुथार के घर तक सड़क व नाली का निर्माण करवाने का प्रस्ताव दिया। वार्ड 4 में पार्षद प्रकाश मलघट ने नया नाला डालने का प्रस्ताव दिया। वार्ड 23 के पार्षद रामसिंह जागीरदार ने गंदे पानी की निकासी के लिए नाला डलवाने का प्रस्ताव दिया। वार्ड 32 में सुलतान राजपूत के घर से ब्राह्मणी माता मंदिर होते हुए केशव गुरूजी के घर तक बड़ा नाला जोड़ने की मांग की। वार्ड 34 में पार्षद अंजू पारख ने सड़क पर बने खड्डो का निस्तारण करने की मांग की। वार्ड 4 व 7 में स्वीच वायर नहीं लगवाना। पार्षद संतोष बोहरा ने गौशाला के पास श्मसान भूमि के सामने तक नाला डालने की मांग रखी। पार्षद विनोद गिरी ने करणीमाता मंदिर से दक्षिण से बजरंग शर्मा के घर तक सड़क व नाली निर्माण करवाने, व हाइवे से उत्तर में टोडरमल कुओं तक भूमिगत नाले डलवाने की मांग की। पार्षद सत्यनारायण ने डागा स्कूल से पानी निकासी हेतु नाला डलवाने की मांग की। वार्ड 7 में मघराज तेजी ने मामराज के घर के आगे से नाला डलवाने, वार्ड में नालियों की मरम्मत करवाने, महेंद्र के घर से हरिप्रसाद के घर तक सड़क का निर्माण करवाने की मांग की। वार्ड 20 में युसुफ खां ने सड़क व नाली निर्माण कार्य की मांग की। वार्ड 22 में दाउद अली ने सीसी रोड व नाली निर्माण की मांग की तथा मेघवाल श्मशान की चार दीवारी बनाने की मांग रखी।

व्यास पर हो अनुशासनहीनता की कार्रवाही, शिलालेख पर हटे नाम।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में लंबे समय तक विवादित ईओ रहे भवानीशंकर व्यास का उल्लेख भी आज की बैठक में कई बार हुआ। गत सफाई ठेकेदारों के भुगतान रोकने की मांगों के बाद भी भुगतान होने के मुद्दे पर भी व्यास का नाम लिया गया कि व्यास ने भुगतान कर दिया था। हांलाकि यह भुगतान व्यास के बाद हाल ही के दिनों में श्रीडूंगरगढ़ ईओ पद पर रहे संदीप विश्नोई द्वारा किया गया सामने आया। इसके अलावा पार्षद सोहनलाल ओझा ने तो स्वायत शासन विभाग के निदेशक को ज्ञापन देकर श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में बने पुराने नगरपालिका के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह में व्यास द्वारा नियमों की अनदेखी कर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं करने एवं शिलालेख पर नियमविरूद्ध अपना नाम लिखवाने का आरोप लगाया। साथ ही व्यास पर शिलालेख हटवाने एवं व्यास के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाही करने की मांग की है।

लिए गए अन्य प्रस्ताव भी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में कई अन्य प्रस्ताव भी लिए गए। पार्षद विनोद गिरी गुंसाई ने दिवंगत सफाई कार्मिक सुमन देवी के स्थान पर उनके पुत्र कुलदीप को अनुकंपा नियुक्ति देने का, सोहनलाल ओझा द्वारा ठेकेदार द्वारा सफाई एवं घर घर कचरा संग्रहण के कार्य के संबध में वार्ड पार्षद द्वारा कार्य होने के हस्ताक्षर करवाने का नियम शुरू करने का, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा द्वारा आगामी बैठकों में जलदाय एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने का प्रस्ताव भी दिया गया।

साधारण सभा की बैठक का श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स पर हुआ लाइव, देखें पूरा वीडियो:- https://www.facebook.com/share/v/VMNT8d5qGPNF5Ur2/?mibextid=w8EBqM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। साईनाथ फर्म को किए गए भुगतान को लेकर हुआ हंगामा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पक्ष विपक्ष के पार्षदों ने सफाई के मुद्दे पर घेरा अध्यक्ष को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। टेंडर नहीं होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिकाध्यक्ष ने सभा के समापन की घोषणा की।