






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अगस्त 2023। दुनिया भर में पर्यावरण पर मंडरा रहें संकट व बदल रही जलवायु के इस दौर में पेड़ पौधों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। आमजन को जागरूक होकर आने वाली पीढ़ीयों के लिए पर्यावरण का संरक्षित करना ही होगा तभी पृथ्वी पर कल संभव हो सकेगा। ये बात पर्यावरण जनचेतना यात्रा के दौरान शहीद हेमू कालाणी पार्क में आयोजित सभा में भारतीय किसान संघ के तोलाराम जाखड़ ने कही। जाखड़ ने कहा कि एक पेड़ देश के नाम कार्यक्रम के तहत प्रति गांव में यात्रा पहुंच कर सभाओं का आयोजन कर रही है और सभा में शामिल होने वाले प्रति व्यक्ति एक पौधा दिया जा रहा है जिससे आमजन पर्यावरण के प्रति जागरूक होवें व कम से कम एक वृक्ष का पालन जरूर करें। अपना संस्थान के तत्वाधान में आयोजित इस यात्रा में बुधवार को क्षेत्र के गांव गुंसाईसर बड़ा, आड़सर, मोमासर व तोलियासर पहुंच कर सभाओं का आयोजन किया। रात करीब 8 बजे यात्रा शहीद हेमू कालाणी पार्क में पहुंची और यहां प्रकृति प्रेमियों के साथ सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता करते हुए श्रवण कुमार सिंधी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण है जो आज के परिदृश्य में एक आवश्यकता बन गई है। यात्रा के संयोजनकर्ता संघ के धन्नेसिंह तंवर, संघ के आशाराम पारीक, गिरधरदास, सोहनराम, महेंद्रसिंह, बजरंग सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान वक्ताओं ने उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलवाया। सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्रसिंह यादव, कर्मवरी नेहरा, ओमप्रकाश सहित अनेक आम जन शामिल रहें।






