






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 सितम्बर 2024। सोमवार को गांव बाडेला में नील गाय के खेत में घुसाने के विवाद को लेकर खेत पड़ौसी पर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने एवं बुरी नजर रखने का आरोप लगाते हुए एक मामला दर्ज हुआ था। वहीं मंगलवार को इसी मामले में क्रास केस के रूप में पहले मामले के आरोपी पड़ौसी ने पहले मामले के परिवादी सहित चार जनों के खिलाफ विभिन्न आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। गांव बाडेला निवासी हरिराम पुत्र रेखाराम जाट ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी नानी का खेत काश्त पर लिया हुआ है एवं उसके पड़ौस का खेत हरिराम पुत्र दुलाराम जाट का है। गत 13 सितम्बर को रात करीब 8.30 बजे आरोपी हरिराम पुत्र दुलाराम व उसका पुत्र बलदेवाराम, उसके काश्तकार पुनमचंद व कुशलाराम मेघवाल हाथों में कुल्हाड़ी लेकर खेत की सींव पर गाली गलौच करने लगे। बाद में करीब 9 बजे आरोपी उसकी ढ़ाणी में अवैध रूप से घुस गए एवं उस पर हमला कर दिया। उसने अपना बचाव किया व इस दौरान आरोपी पुनमचंद ढाणी में सो रही उसकी पत्नी की लज्जा भंग करने की नियत से उसके ऊपर बैठ गया। उसकी पत्नी ने धक्का दिया तो आरोपी नीचे गिर गया। बाद में पडौसियों को आवाज दी तो आरोपी उसे एससी, एसटी के झुठे मुकदमें में फंसा देने, आईंदा मौका मिलते ही मार देने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। परिवादी ने मामले में बताया कि उसने गत 24 जून को भी आरोपियों के खिलाफ तंग परेशान करने एवं मारपीट पर उतारू रहने की परिवाद भी पुलिस को दी थी।



