






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मई 2023। कानून का इकबाल कायम करने का दावा इन दिनों राज्य का प्रशासन कर रहा है लेकिन क्षेत्र में स्टेट हाइवे पर स्थित टोल प्लाजा क्षेत्र की कानून व्यवस्था के लिए सरदर्द बना हुआ है। यहां टोल वसूली करने के लिए वाहन चालकों और टोल ठेकेदार के बीच डाल-डाल, पात-पात का खेल चल रहा है और आये दिन झगड़े हो रहे है। अब यहां गांव आडसर सुरजनज़र के बीच सड़क बनने के बाद वाहनों ने टोल प्लाजा को बाईपास करना शुरू किया तो टोल ठेकेदार ने भी आनन फानन में बिना किसी सुव्यवस्थित ढंग के सभी नियमों को धत्ता बताते हुए दुर्घटनाओं एवं सड़क जाम को निमंत्रित करता हुआ नया ही टोल प्लाजा संचालन करना शुरू कर दिया है। ऐसे में अब इस टोल प्लाजा पर क्षेत्र के गांवो से आने वाली गाड़ियों से जबरन टोल वसूली करने, विरोध करने वालों से बदतमीजी करते हुए मारपीट पर उतारू होते टोलकर्मियों का दृश्य हर दिन देखने को मिल रहा है। विदित रहे कि स्टेट हाइवे 6 पर मनमर्जी का ये दबंग आड़सर टोल लगातार विवादों में रहता है। पढ़ें क्षेत्र में प्रशासनिक विफलता एवं दबंगई के कारण पैदा हुए आक्रोश की खबर विस्तार से।
यह है मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़- सरदारशहर के मध्य नई सड़क बनने के बाद इस रोड़ का टोल प्लाजा गांव धीरदेसर पुरोहितान एवं आड़सर के मध्य बनाया गया। टोल प्लाजा बनाते समय सभी खानापूर्तियों को भी पूरा किया गया एवं टोल के पास चौड़ी सड़क, सुविधाएं, टोल कार्यालय, आवास, सड़क सुरक्षा एवं त्वरित सहायता केन्द्र आदि भी बनाए गए। यह टोल बनाने के बाद से ही वहां लगातार विवाद रहे एवं आस पास के गांवों से टोल वसुलने के संबध में कई बार आंदोलन भी हुए। यहां आए दिन वाहन चालकों एवं टोलकर्मियों के मध्य विवाद भी हुए घटनाएं मारपीट, तोड़फोड़ तक भी पहुंची। कई मामले, मुकदमें भी दर्ज हुए एवं हर जगह के टोल को मदद करने की तरह ही श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने भी टोल प्लाजा ठेकेदार का साथ एवं विवाद धीरे धीरे कम हुए। लेकिन अब गांव आडसर से सुरजनसर के मध्य नई ड़ामर सड़क का निर्माण कर दिया गया है एवं इस कारण वाहनों ने अपना रूट आडसर से सीधे धीरदेसर पुरोहितान आने के बजाए आडसर से सुरजनसर होते हुए धीरदेसर पुरोहितान आने का बना लिया है। ऐसे में वाहन चालकों द्वारा टोल बचाने का रास्ता निकाल लिया गया। हालांकी यह रास्ता स्थानीय वाहनों को ही पता है एवं लंबे रूट के सभी वाहन तो मुख्य सड़क से ही गुजर रहे है। फिर भी टोल ठेकेदार ने वर्तमान स्थाई टोल से करीब 8 किलोमीटर श्रीडूंगरगढ़ की और ठुकरियासर से धीरदेसर पुरोहितान के मध्य नई टोल चौकी बना ली गई और इस टोल चौकी के कारण एक बार पुन: विवादों का जिन्न क्षेत्र में खड़ा हो गया है।
ना व्यवस्था टोल, अवैध वसुली के आरोप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सड़क का निर्माण करते समय टोल प्लाजा का निर्माण भी तकनीकि विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर किया जाता है और टोल प्लाजा के आस पास अधिक चौड़ी सड़क सहित सभी प्रकार की सुविधाएं भी विकसीत की जाती है। लेकिन अब सड़क के बीचों बीच बना ली गई अवैध टोल चौकी यहां दुर्घटनाओं एवं जाम को निमंत्रित कर रही है। इस टोल चौकी के आस पास किसी भी प्रकार की कोई सुविधाएं भी नहीं है एवं सड़क भी चौड़ी नहीं है। ऐसे में आस पास के ग्रामीणों में इससे आक्रोश की स्थिति है और पूर्व की तरह यहां उग्र विवाद ग्रामीण व टोल कर्मियों के बीच होने की संभावना है।
3 किमी का फासला, सैंकड़ों की बचत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्टेट हाइवे पर गांव आडसर से सीधे धीरदेसर पुरोहितान का फ़ासला 3 किलोमीटर है एवं आडसर से वाया सुरजनसर होते हुए धीरदेसर पुरोहितान आने पर करीब 6 किलोमीटर का फासला तय करना पड़ता है। ऐसे में केवल 3 किलोमीटर का अधिक तय कर वाहन चालक सैंकड़ों रुपए का टोल बचा रहे है। ऐसे में टोल प्लाजा ठेकेदार ने वाहन चालकों से टोल वसुली करने के लिए मुख्य टोल प्लाजा से 8 किलोमीटर पहले एक और नई टोल चौकी बना ली है।
नई टोल चौकी से कई गांवों के हजारों ग्रामीण प्रभावित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर से धीरदेसर के बीच अवैध टोल चौकी बनाने के कारण गांव सुरजनसर, उदरासर, जालबसर, धीरदेसर पुरोहितान के वाहनों को श्रीडूंगरगढ़ के लिए आने एवं श्रीडूंगरगढ़ की और से भी इन गांवों तक आने वालें वाहनों से टोल वसुली की जा रही है। हालांकी पहले यह गांव टोल प्लाजा धीरदेसर पुरोहितान से आडसर के बीच होने के कारण टोल मुक्त थे।
ये कहा जनप्रतिनिधि ने…
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मोमासर से जिला परिषद सदस्य रजनी कमलिया व पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष कमलिया ने कहा कि टोल कर्मियों द्वारा की जा रही अवैध वसूली के विरूद्ध ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। दिन में कई बार तनाव का माहौल बन जाता है। अवैध रूप से बनाई गई टोल चौकी को प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई कर नहीं हटाया गया तो आस पास के गांवो से ग्रामीण टोल पर धरना देने की रणनीति बना कर प्रदर्शन करेंगे। कमलिया ने कहा कि सड़क के बीच बनाए इस टोल के कारण रात्रि में दुर्घटना की संभावना भी रहती है।




