May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जुलाई 2024। श्रीडूंगरगढ़ ईओ पद पर आया राम – गया राम का खेल चल रहा है। राज्य में भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका को स्थाई ईओ नहीं मिल पाया है एवं इसके अभाव में शहर की सफाई सहित निर्माण एवं अन्य रोजमर्रा के कार्य ठप्प पड़े है। पिछले सप्ताह ही जयपुर से हुए एक विशेष आदेश में एपीओ हो रखे कर निर्धारक अविनाश शर्मा को श्रीडूंगरगढ़ ईओ का चार्ज देने के बाद शहरवासियों को उम्मीद जगी थी कि अब यहां के लंबित काम गति पकड़ेगें लेकिन ईओ को पदग्रहण करने के तीन कार्यदिवस भी नहीं बिते के जयपुर से एक और आदेश आया है जिसमें श्रीडूंगरगढ़ ईओ पद पर लगाए गए अविनाश शर्मा को ही नोखा एवं देशनोक नगरपालिका का चार्ज भी दे दिया गया है। ऐसे में अब फिर से शहर की व्यवस्थाएं राज नहीं बल्कि राम-भरोसे होने की संभावना बन गई है। क्योंकि तीन नगरपालिकाओं में कार्य करने एवं जिला स्तर पर होने वाली बैठकों आदि में भाग लेने के कारण श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में ईओ की सीटिंग मुश्किल से एक या डेढ़ दिन होनी है। शहरवासी ईओ पद पर चल रही इस खींचतान से तंग आ गए है एवं बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण मानसूनी दौर में मौसमी बिमारियों के खतरे में पड़ गए है। विदित रहे कि नए ईओ के ज्वाईन करने के तीन कार्यदिवस बीत जाने के बाद भी शहर में ठप्प पड़ी सफाई व्यवस्था के लिए टेंडर नहीं हो पाए है। व सफाई टेंडर होने से पहले ही ईओ को दो और पालिकाओं का चार्ज देने के कारण अब ये कार्य पुन: लंबीत होते ही नजर आ रहे है।