






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अगस्त 2023। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनावो से पहले बड़ा मास्टर स्ट्रोक लगाते हुए मूल ओबीसी को अलग से 6 प्रतिशत आरक्षण देने की बड़ी घोषणा की है। गहलोत ने राजस्थान में जातिगत जनगणना करवाने की घोषणा करते हुए OBC आरक्षण 21% से बढ़ाकर 27% कर दिया है। गहलोत बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में विश्व आदिवासी दिवस पर हुई सभा में बोल रहे थे। बता देवें प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग मूल ओबीसी का हक उन्हें देने की मांग कर रहें थे।
गहलोत ने सभा में कहा- राहुल गांधी ने कहा है कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए तो पूरे देश में एक मैसेज चला गया। हम चाहेंगे आपकी भावना के हिसाब से राजस्थान में जातिगत जनगणना शुरू होगी। जाति के आधार पर जिसका जितना हक है, उसे मिलेगा। इस प्रकार की सोच को हम आगे बढ़ाना चाहते हैं।
राजस्थान में हो जाएगा 70% आरक्षण
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रदेश में अभी SC को 16%, ST को 12%, OBC को 21%, EWS को 10% और MBC को 5% आरक्षण है। OBC का आरक्षण बढ़ाकर 27% करने के बाद राजस्थान में 70% आरक्षण हो जाएगा।
OBC वोटर्स को साधने के लिए बड़ा सियासी दांव
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गहलोत ने OBC वोटर्स को पक्ष में करने के लिए चुनावी साल में बड़ा ऐलान किया है। OBC आरक्षण को बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हरीश चौधरी सहित कांग्रेस के कई नेता OBC आरक्षण को बढ़ाकर 27% करने की मांग उठा रहे थे। OBC आरक्षण के वर्गीकरण की मांग भी लंबे समय से उठाई जा रही थी। विधानसभा चुनावों से ठीक पहले OBC आरक्षण बढ़ाने और मूल OBC को अलग से आरक्षण देने का ऐलान करके गहलोत ने बड़ा सियासी दांव खेला है।
जातिगत जनगणना पर विधानसभा में संकल्प पारित कर चुकी है सरकार
विधानसभा में पिछले दिनों सरकार ने जातिगत जनगणना को लेकर संकल्प पारित करके केंद्र सरकार को भिजवाया था। इस संकल्प में केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना करवाने और पुराने आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की थी।



