May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मार्च 2025। 30 मार्च, चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा को राजस्थान का 76वां स्थापना दिवस, हिंदू नववर्ष प्रारंभ, नवरात्रा स्थापना, चेटीचंड त्योहार एक ही आ रहें है। राजस्थान सरकार 25 से 31 मार्च तक 6 बड़े शहरों में 7 कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, राष्ट्रीय सेविका समिति, अधिवक्ता परिषद, सेवा भारती, राष्ट्रीय शिक्षक संघ द्वारा विभिन्न आयोजनों की तैयारियां की जा रही है। संघ के संचालक आशाराम पारीक ने बताया कि सभी संगठनों द्वारा 30 मार्च को प्रात: प्रभात फेरी व मुख्य चौराहों पर तिलकार्जन का कार्यक्रम किया जाएगा। सेविका समिति द्वारा मूंधड़ा मंदिर प्रांगण में दोपहर 3 बजे से 4.30 सत्संग का आयोजन भी होगा। वहीं विश्व हिंदू परिषद द्वारा नववर्ष स्वागत की तैयारियां की जा रही है। प्रखंड अध्यक्ष श्यामसुंदर जोशी ने बताया की 30 मार्च तक पूरे बाजार में हर एक दुकान पर पताका वितरण की गई है जो नववर्ष पर फहराई जाएगी। जोशी ने बताया कि विहिप व बजरंग दल संगठन तिलकार्जन कार्यक्रम में भी भाग लेगा। वहीं मातृशक्ति व दुर्गावाहिनी को हर घर में कुछ मीठा बनाने, सभी परिजनों को तिलक करने, घर के द्वार पर रंगोली बनाने, शाम को दीप सजाने का कार्यक्रम दिया गया है। वहीं विहिप के बैनर तले रामनवमी के अवसर पर 6 अप्रैल को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल धर्मयात्रा का आयोजन किया जाएगा। गांव मोमासर में 30 मार्च को नववर्ष के स्वागत में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। मोमासर खंड अध्यक्ष मनोज संचेती ने बताया कि सुबह 9 बजे गांव के भोमियाजी मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सुदंर झांकिया सजाई जाएगी व मुख्य मार्गों से होकर यात्रा पुन: भोमियाजी मंदिर पहुंच कर पूर्ण होगी। कई अन्य गांवो में भी आयोजनों की तैयारियां चल रही है। 30 मार्च को दोपहर 3 बजे आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय के सभागार में अखिल भारतीय साहित्य परिषद राजस्थान की श्रीडूंगरगढ़ इकाई द्वारा काव्य गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इकाई अध्यक्ष भगवती पारीक ने बताया कि गोष्ठी में प्रसिद्ध कवियों व कवियित्रियों द्वारा काव्य पाठ किया जाएगा। वहीं राष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा संस्कृति भवन प्रागंण में राजस्थान स्थापना दिवस का समारोह का आयोजन 30 मार्च सुबह 11 बजे किया जाएगा। वहीं विभिन्न मंदिरों में भी सत्संग मंडिलयों द्वारा भजन कीर्तन के आयोजन किए जाएंगे।
सिंधी समाज में उल्लास, धूमधाम से मनाएंगे उत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नववर्ष व चेटीचंड महोत्सव के पर्व पर सिंधी समाज में उल्लास का माहौल है। समाज के लोग घरों पर रोशनी लगाने, श्रीझूलेलाल मंदिर में सुबह 8.30 पताका फहराने, महा आरती आयोजन, नवरात्र स्थापना, सुबह 10 बजे कन्या भोज आयोजन, दरियाशाह मंडली द्वारा पूरे समाज के लोगों के लिए अल्पाहार आयोजन, शाम 4 बजे से 6 बजे तक संत कंवरराम मंडली द्वारा भजनों व भजनों पर नृत्य का आयोजन, रात 8 बजे माताजी की सामूहिक आरती के अनुष्ठान होंगे। रात को भंडारे के साथ उत्सव संपन्न होगा। समाज के युवा रवि रिझवानी, जसवंत संगवानी, लक्ष्मीनारायण वाधवानी, तुलसी वाधवानी ने घर घर श्रीझूलेलालजी के स्टीकरों का वितरण किया। समाज की महिला वर्ग में भी खासा उत्साह है व सभी मिलजुलकर उत्सव की तैयारियों में जुट गए है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिंधी समाज की महिलाएं उत्साह के साथ चेटीचंड महोत्सव की तैयारियों में जुटी।