May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-07-27 at 21.45.03

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2024। गुरूवार रात हाइवे पर बोलेरो गाड़ी रोककर एक युवक के साथ मारपीट करते हुए उसकी गाड़ी के शीशे व फाटक तोड़ डालने का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। गांव धीरदेसर चोटियान निवासी 25 वर्षीय मनोज जाट पुत्र भंवरलाल जाट ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाते हुए इसी गांव के भंवरलाल पुत्र दुलाराम जाट, गजेन्द्र व कुलदीप पुत्र भंवरलाल, सुभाष पुत्र लिच्छुराम, विजयपाल पुत्र सहीराम जाट के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई की रात वह जयनारायण पुत्र भंवरलाल चोटिया के साथ अपनी बोलेरो कैंपर लेकर श्रीडूंगरगढ़ आ रहा था। करीब 10.45 बजे वह कितासर के पास पहुंचा तो पीछे से बोलेरो गाड़ी लेकर आ रहे विजयपाल ने उसकी गाड़ी रूकवा ली। जब वह उससे बात करने लगा तो मौके पर भंवरलाल बोलेरो कैंपर गाड़ी लेकर तथा उसका बेटा गजेन्द्र और सुभाष जाट मोटरसाइकिल लेकर आए। आरोपियों ने उसकी बोलेरो गाड़ी पर लाठियां व लोहे के सरिए बरसाते हुए शीशे व फाटक तोड़ डाले। जब उसने मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जयनारायण ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उसे भी पीट दिया। परिवादी वहां से गाड़ी लेकर भागे और जान बचाई व उपजिला अस्पताल आकर चोटों का ईलाज करवाया। परिवादी ने बताया कि भंवरलाल का पुत्र कुलदीप गांव में गाड़ी लेकर घुमते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल लक्ष्मण नेहरा को दी है।
दूसरे दिन पीटा बड़े भाई को, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मनोज के भाई 27 वर्षीय भागीरथ पुत्र भंवरलाल जाट के साथ खेत जाते रास्ते में बीती रात मारपीट करने का मामला भी थाने में दर्ज हुआ है। परिवादी भागीरथ ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अपने काश्तकार रामकुमार पुत्र साजनराम मेघवाल निवासी रीड़ी के साथ खेत के रास्ते से जा रहा था। रास्ते में सुभाष पुत्र लिच्छुराम व गजेन्द्र पुत्र भंवरलाल जाट हाथ में लाठियां लिए हुए मिले। उसने बताया कि दोनों आरोपियों ने उसे जबरदस्ती पकड़ कर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने कहा कि कल तेरे भाई मनोज को पीटा आज तुझे जान से मारेंगे। तभी आरोपी गजेंद्र ने अपने पिता को फोन कर मनोज का भाई मिलने की बात कही और उसके पिता ने हाथ पैर तोड़ डालने की बात कही। दोनों ने उसे पटक कर लाठियों से पीटकर गंभीर चोटिल कर दिया। उसके काश्तकार ने छुड़वाने का प्रयास किया तो उसे जातिसूचक गालियां देते हुए उसे भी पीट दिया। यहां से गुजर रहें इसी गांव के ओमप्रकाश सारण व जयनारायण जाट ने उसे गाड़ी में डालकर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। वहीं बीती रात करीब 9 बजे कुलदीप पुत्र भंवरलाल जाट खेत में बनी ढाणी में गाड़ी लेकर घुसा और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ को सौंप दी है।