






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जुलाई 2024। गांव जाखासर के 132 केवी जीएसएस के सामने धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों की शनिवार को 6वें दिन विद्युत प्रसारण विभाग के अधिकारियों के साथ सकारात्मक वार्ता की। भारतीय किसान संघ के बैनर तले आयोजित धरने से किसान नेता तोलाराम जाखड़ ने बताया कि तीन दिन से जीएसएस के वर्क कार्य में संतोषजनक प्रगति हुई है परंतु मुख्य कंपनी अशोका बिल्डकॉन व विद्युत विभाग प्रसारण के अधिकारी पूरी लेबर, टेक्नीशियन व सिविल कार्य करने वाला मैनपॉवर, सभी उपकरण उपलब्ध करवाएं। जाखड़ ने बताया कि अधिकारियों ने मंगलवार तक का समय मांगा जिस पर धरनार्थियों ने सोमवार का महापड़ाव को स्थगित कर दिया है तथा अब महापड़ाव शुक्रवार को कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मंगलवार तक अधिकारी अपने वादे पर खरे नहीं उतरे तो शुक्रवार को महापड़ाव व चक्का जाम के साथ आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। वार्ता धरना स्थल पर हुई जिसमें सरपंच मालाराम सारण, पूर्व सरपंच गुलाब सिंह, समदर राम, सांवरमल, रामेश्वर स्वामी, श्रवणराम, सुरजाराम, चंद्राराम, तेजूसिंह सहित अनेक ग्रामीण व किसान मौजूद रहें।





