






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अप्रैल 2025। बीकानेर में काम करने वाले श्रीडूंगरगढ़ के गांव रीड़ी के निवासी व्यापारी रामवतार सारस्वत के गत 2 अप्रैल को लूटे गए 1.43 करोड रुपए में पुलिस लगातार सफलता प्राप्त कर रही है। मामले में गुरूवार को पुलिस ने रतनगढ़ थानाक्षेत्र के गांव धोधलिया निवासी 25 वर्षीय युवक संदीपसिंह पुत्र रिछपालसिंह को गिरफ्तार कर उससे वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार एवं 30 लाख रुपए नकदी बरामद किए है। इससे पूर्व पुलिस ने घंटेल निवासी शेरसिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था एवं उससे 29 लाख रुपए बरामद किए थे। ऐसे में मामले में अभी तक 59 लाख रुपए की रिकवरी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार संदीपसिंह का आपराधिक रिकार्ड भी है एवं उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के कई मामले दर्ज है। इस मामले में अभी मुख्य आरोपी चांदसिंह फरार चल रहा है, जिसका पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी चांदसिंह, शेरसिंह एवं संदीपसिंह ने लूट को अंजाम दिया था एवं मोंटी व किशनसिंह ने उन्हें छुपाने में सहयोग किया था।



