May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अप्रैल 2023। किसान की ढाणी से लाखों का सोना चुराकर एक चोर ने उसपर गोल्ड लोन उठा लिया। अब पुलिस की गिरफ्त में आने पर उसने अपना राज उगल दिया है। मजे की बात ये है कि सरदारशहर थाने के जांच अधिकारी ने इस मामले में एफआर लगा दी थी और श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने मामले को रिओपन कर चोर को धर दबोचा है। आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया व तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है। मामले में ओर भी किसी चोरी की वारदात का खुलासा होने की उम्मीद पुलिस को है। गहनता से जांच के लिए विश्नोई की चर्चा विभाग में हो रही है।
ये था मामला, पीड़ित पहुंचा आईजी के पास, मिला न्याय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव सुरजनसर निवासी बाबूलाल डूडी पुत्र देदाराम डूडी सरदारशहर के गांव पातलीसर की रोही में खेत काश्त कर रहा था। पीड़ित का परिवार 5-10-22 को खाना खाकर परिवार सहित ढाणी में सो गया। सुबह जब परिजन उठे तो देखा चोर ने उनकी ढाणी में चोरी कर करीब चार से पांच लाख तक का सोना चांदी, नगदी पार कर लिए है। पीड़ित ने सरदारशहर थाने में 6 अक्टूबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज करवाई। सरदारशहर थाने के हैड कांस्टेबल महिपाल सिंह ने जांच प्रारंभ की और दो माह जांच करने के बाद आरोपी के नहीं मिलने पर मामले में एफआर लगा दी। आखिर परिवादी आई जी के समक्ष पेश हुआ और जांच बदलने की मांग की। इसी वर्ष जनवरी में श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी अशोक विश्नोई को जांच सौंपी गई। विश्नोई ने मामले की जांच करते हुए संदिग्ध आरोपी दशरथ सिंह पुत्र सांवराराम जाट निवासी बंधनाऊ, सरदारशहर की कॉल डिटेल का विश्लेषण कर जांच की। थाने में आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को बताया कि चोरी के सोने पर उसने लूणकरणसर में एक फांयनेस कंपनी से गोल्ड लोन ले लिया है और कुछ सोना अपने खेत में छुपाया हुआ है। हालांकि अभी खेत से सोना बरामद नहीं किया गया है। आज एएसआई पूर्णमल ने आरोपी को सरदारशहर कोर्ट में पेश किया तथा 3 अप्रैल तक के रिमांड पर लिया है।
दो बार पूछताछ के लिए भी बुलाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विश्वसनीय सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले की जांच करने के लिए आरोपी को दो बार सरदारशहर थाने भी बुलाया गया। परंतु आरोपी ने वहां मना करते हुए मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही। यहां उसने अपना राज उगल दिया।