






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जुलाई 2024। लगातार बढ़ रहें शहर श्रीडूंगरगढ़ में यातायात पुलिस की स्थाई जरूरतें बढ़ गई है। यहां नेशनल हाइवे से लेकर स्टेट हाइवे, चारों और कनेक्टिविटी, कृषि मंडी सहित आबादी की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यातायात पुलिस की व्यवस्था जरूरी हो गई है। ये बात क्षेत्रीय विधायक ताराचंद सारस्वत ने कही। सारस्वत ने टाइम्स को बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर स्थिति की जानकारी देते हुए यातायात पुलिस की शाखा श्रीडूंगरगढ़ में खुलवाने की मांग की है। सारस्वत ने पत्र में बताया कि कृषि वाहनों का आवागमन, बस स्टैंड शहर के भीतर होने के कारण शहर में रहने वाली भीड़भाड़, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ आमजन के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने बताया कि कस्बे सहित ग्रामीण जनसंख्या बढ़ रही है और बीदासर, कालू, सरदारशहर, रतनगढ़, जयपुर, दिल्ली, बीकानेर, नोखा से आने वाली बसों का केंद्र घुमचक्कर सर्किल व झंवर बस स्टैंड से हो गया है। वहीं एनएच 11 रोड का दायरा 40 किलोमीटर से अधिक होने के कारण सड़क दुर्घटनाएं भी अधिक हो रही है। जिससे कस्बा श्रीडूंगरगढ़ में वर्तमान में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए कस्बा यातायात शाखा की सख्त आवश्यकता है।




