






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अक्टूबर 2024। राजस्थान शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं में स्टेट लेवल प्रतियोगिताओं का दौर चल रहा है। इस दौर में खो-खो खेल में प्रदेश स्तर पर बीकानेर टीम का परचम लहरा रहा है एवं श्रीडूंगरगढ़ के खिलाडियों का जलवा जोरों पर है। मंगलवार को छात्रा वर्ग के सबजूनियर 14 वर्ष आयुवर्ग में बीकानेर की बेटियों ने प्रदेश जीता था एवं शाम को छात्र वर्ग के जूनियर 17 वर्ष आयुवर्ग में भी बीकानेर के बेटों ने प्रदेश जीत लिया है। प्रदेश स्तरीय छात्र वर्ग की खोखो प्रतियोगिता सुजानगढ़ तहसील के सारोठीया में आयोजित हुई है एवं इस प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के फाईनल में बीकानेर की टीम ने श्रीगंगानगर की टीम को रोमांचक मुकाबले में हराया है। रोमांचक मैच की पहली पारीक में बीकानेर 8 व गंगानगर के 9 अंकों के साथ गंगानगर बढ़त में था। दूसरी पारी में बीकानेर की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए 11 अंक बटोरे एवं श्रीगंगानगर को 8 ही अंक दिए। समय समाप्त होने पर बीकानेर को 2 अंकों से विजयी घोषित किया गया एवं प्रदेश स्तर पर बीकानेर की टीम ने गोल्ड हासील कर लिया है। जिले की इस टीम में क्षेत्र के गांव गुंसाईसर बड़ा स्थित आदर्श स्कूल के पांच खिलाडी शामिल है। इन खिलाडियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। क्षेत्र के गांव बरजांगसर के निवासी एवं खेल प्रेमी लक्ष्मण सिहाग भी प्रतियोगिता के दौरान सारोठिया में मौजूद रहे एवं बीकानेर टीम की जम कर हौंसला अफजाई की।
सीनियर वर्ग में कांस्य पदक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खो-खो प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग 19 वर्ष आयुवर्ग में बीकानेर की सार्दुल स्पोर्टस स्कूल की टीम प्रदेश विजेता बनी है एवं बीकानेर जिले की टीम तृतीय स्थान पर रही है। बीकानेर जिले की टीम को सेमीफाईनल में सादुल स्पोर्टस स्कूल की टीम ने ही हराया था। सेमीफाईनल के बाद हुए हार्ड लाईन मैच में बीकानेर ने सीकर की टीम को हरा कर प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस टीम में भी एक खिलाड़ी क्षेत्र के गांव गुंसाईसर बड़ा का है।





