






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 सितंबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में एक ओर जहां उठाईगिरी की वारदातें बढ़ रही है वहीं दूसरी ओर गांव में ही नहीं ढाणियों तक चोरी की बड़ी वारदातें सामने आने लगी है। चोरी का माल बरामदगी में पुलिस के हाथ खाली है वहीं बढ़ती चोरियों से आमजन में भय का माहौल छाने लगा है। गांव रीड़ी की रोही में स्थित एक ढाणी में चौक पर मालिक सो रहें थे और ढाणी में बने घर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। रीड़ी निवासी 32 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र रेखाराम जाट ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि गुरूवार रात वह और उसकी पत्नी ढाणी में चौक पर सो रहे थे। शुक्रवार सुबह 5.30 बजे जब वे उठे तो देखा उनकी ढाणी में चोरी हो गई है। घर के अंदर चोरों ने सारा सामान बिखरा दिया व एक बक्सा गायब पाया। दंपती जब बक्से की तलाश करने लगा तो ढाणी से कुछ ही आगे रोड पर दूसरी तरफ बक्सा फैंका हुआ मिल गया। बक्से में रखा कीमती सामान चोर ले गए। परिवादी ने बताया कि चोरों ने बक्से से सोने की टूस्सी, सोने का बोरिया, कानों के लूंग, झूमर सोने के, सोने का मादलिया और 43 हजार रूपए नगदी चोरी कर ले गए। परिवादी ने पुलिस से सामान बरामद करवाने की मांग की है। अज्ञात चोर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को दी है।



