






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 जनवरी 2024। कस्बे में एक युवक अपनी जान पहचान में लाखों का सौदा बिना लिखापढ़ी के कर ली और धोखाधड़ी का शिकार हो गया है। बिग्गाबास निवासी 28 वर्षीय श्याम शर्मा पुत्र बीरबलराम ब्राह्मण ने थाने पहुंच कर सिंधी कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार सिंधी पुत्र घनश्याम सिंधी निवासी बिग्गाबास के खिलाफ लाखों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। श्याम शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसे कस्बे में रिहायशी जमीन की जरूरत थी तो फरवरी 2022 में वह सुरेश कुमार सिंधी से मिला। आरोपी ने परिवादी को बताया कि मोमासर बास के वार्ड नबंर 7 में उसकी खरीदशुदा जमीन है जो उसने बेचवाली कर रखी है। इसपर परिवादी ने आरोपी के साथ जाकर जमीन देख ली और 30 लाख में सौदा तय कर लिया। परिवादी ने बताया कि आरोपी से जान पहचान होने के कारण उसने लिखा पढ़ी नहीं की और मौखिक एग्रीमेंट में दिसबंर 2022 तक तीस लाख रूपए अदा करने की बात तय कर ली। परिवादी ने 29 मार्च 2022 से 8 नवबंर 2022 के बीच में अलग अलग खातों से 30 लाख रूपए पूरे आरोपी को ट्रांसफर कर दिए और जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवाने को कहा। आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। परिवादी अपने काम से नेपाल चला गया और 3 दिसंबर 2023 को अपने परिचित अनिल सेवग को साथ लेकर आरोपी से मिला। आरोपी ने उसे जमीन के कागजात तैयार करवाने की बात कही। 8 जनवरी 2024 तक जमीन की रजिस्ट्री परिवादी के नाम करवा देने की बात कही। परिवादी 8 जनवरी को आरोपी से मिला और रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा तो आरोपी आवेश में आ गया और जमीन या रूपए लौटाने से स्पष्ट इंकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व जांच थानाधिकारी अशोक विश्नोई को दे दी गई है।



