






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अगस्त 2025। ग्रामीण रूट पर टैम्पू व टैक्सियों में में ठूस ठूस कर सवारियां भरना आम दृश्य है, जो आए दिन आपको भी नजर आता होगा। परंतु कानूनन ये गलत है और अनेक लोगों के जीवन को संकट में डालने वाला भी है। सोमवार को एक टैक्सी चालक को क्षमता से अधिक सवारियां भरना महंगा पड़ गया। सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे एडिशनल एसपी ग्रामीण कैलाश सांदू व सीओ निकेत पारीक ने पूनरासर पहुंच कर हनुमानजी मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सांदू ने एक टैक्सी में क्षमता से अधिक सवारियां भरी देखी व जिसमें सवरियां लटकने के साथ छत पर भी बैठी थी। सादूं ने सेरूणा थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर एएसआई पूर्णमल टीम सहित रवाना हुए व उन्हें ये टैक्सी पूनरासर जीएसएस के पास मिली। एएसआई पूर्णमल ने बताया कि तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए क्षमता से अधिक भरी सवारियों के जीवन के लिए संकटापन्न पैदा करने के आरोप में पूनरासर निवासी गोपीनाथ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर टैक्सी जब्त कर ली।



