






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 दिसंबर 2024। भूमिजल के घटते स्तर की चिंतनीय स्थिति से बुद्धिजीवी वर्ग परेशान है। दूसरी और जगह जगह व्यर्थ पेयजल को देखकर जागरूक लोग परेशान भी होते है। वहीं विभागीय लापरवाही से सैंकड़ो लीटर पेजयल प्रतिदिन सड़कों पर बह कर बर्बाद हो रहा है। क्षेत्र के गांव तोलियासर में हनुमानजी मंदिर के पास, धोरा बास में, रामदेवजी मंदिर के पास, ग्रामीण मदन हरावत के घर के पास, ठाकुरजी मंदिर के पास पाइप लाइनों में हुए लिकेज से पेयजल व्यर्थ बह कर सड़कों पर कीचड़ के रूप में परेशानी का कारण बन गया है। हनुमानजी मंदिर के पश्चिम में स्थित लीकेज से फैले पानी ने तो यहां स्थित घरों से लोगों का निकलना दुभर कर दिया है। गांव के जागरूक युवा पेयजल बर्बादी से आहत है। गांव के भैरूंसिंह, रेवंतसिंह, घनश्यामसिंह, इंद्रसिंह व रेंवतसिंह ने बताया कि विभागीय कार्मिकों को अनेक बार आग्रह कर दिया है कि पेयजल व्यर्थ बहने से रोके और लीकेज दुरस्त किए जाए। सरपंच प्रतिनिध गिरधारीसिंह राजपुरोहित ने बताया कि गर्मी में सप्लाई नहीं देने से लोग परेशान थे और अब सर्दी में चार चार घंटे पेयजल सप्लाई दी जा रही है। लीकेज से पानी व्यर्थ हो रहा वहीं आपूर्ति भी अधिक दी जा रही है। जिससे ग्रामीणों को घरों में टैंक भर जाने के बाद नलों को नालियों में खुला छोड़ना पड़ रहा है जिससे खूब पानी बर्बाद हो रहा है। गिरधारीसिंह ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि पेयजल के गलियों में व्यर्थ बहने की सूचना कई बार विभाग को दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने कई बार सर्दी के मौसम में सप्लाई कम देने का आग्रह भी किया परंतु विभाग द्वारा सुनवाई नहीं कर पानी की बर्बादी की जा रही है।







