






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जनवरी 2024। अयोध्या में राम लला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साथ ही श्रीडूंगरगढ़ अंचल में रामभक्ति का ऐसा ज्वार उठा जिसमें जनसामान्य ने खूब गोते लगाए। चारों ओर रामभक्ति के आयोजन हुए। कस्बे में खूब पटाखे फोड़े गए और दीपक जलाकर दीपावली मनाई गई। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने सभी बड़े उत्सवों के साथ अनेक कार्यक्रमों के फोटो व खबरें सोमवार को दी परंतु कुछ खबरें शेष रह गई। जिसमें से कुछ अब भी दी जा रही है। आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में भी रामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का समारोह मनाया गया। समिति अध्यक्ष आशाराम पारीक, लक्ष्मीनारायण भादू, विनोद शर्मा, एडवोकेट पूनमचंद मारू ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ उत्सव प्रारंभ किया। विद्यार्थियों ने रामायण के अनेक किरदारों के वेश धरे और भगवान राम के जीवन प्रसंगों पर विभिन्न प्रस्तुतियां दी। यहां अयोध्या से समारोह का लाइव भी बच्चों को दिखाया गया। प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही बच्चों ने उत्साह पूर्वक खूब जयकारे लगाए। भगवान राम की आरती के साथ समारोह की पूर्णाहुति की गई। विद्यालय स्टाफ ने समारोह में भागीदारी निभाई व अतिथियों ने रामजी के जीवन से प्रेरणा लेने की बात बच्चों से कही। वहीं प्राण प्रतिष्ठा की मंगल बलेा में सेवा धाम के बालक व सेवा कुंज की बहनों ने उत्साह के साथ जय श्री राम से आसमान गुंजायमान कर दिया। सृजन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से रामोत्सव मनाया गया। बच्चों ने स्कूल में राम पूजन किया व उत्साह के साथ जय श्री राम के जयकारे लगाए। निदेशक लीलाधर सारस्वत ने बच्चों को भगवान राम के जीवन चरित्र से जुड़े प्रसंग बताते हुए जीवन में प्रेम सौहार्द के साथ सेवा व त्याग के भाव लाने का आग्रह किया। आड़सर बास के वार्ड 29 के हरिराम बाबा मंदिर में सोमवार शाम 7 बजे ढोल नगाड़ो के साथ महाज्योत का आयोजन किया गया। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थनाएं की गई। भजन कलाकार प्रह्लाद सुथार एवं पंडित कृष्ण शर्मा ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। वार्ड 17 के श्रीराम चौक में उत्साह के साथ वार्डवासियों ने रामोत्सव बनाया। यहां घनश्याम गौड़ ने बताया की वार्ड में रामभक्तों ने घरों के प्रवेश द्वार को तोरण और फूलों से सजाया और दीप जलाए। चौक पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद कीर्तन किया। कारसेवक पुरुषोत्तम गौड़ ने प्रसन्नता जताते हुए भगवान को पुष्प अर्पित किए। गौड़ ने बच्चों को राम के आदर्श पर चलने की बात कही। हनुमान चालीसा के पाठ से समारोह पूर्ण किया गया। यहां तोलाराम सारस्वत, सीताराम महर्षि, खयालीराम माली, हरीश कुमार शर्मा, उमाशंकर शर्मा, जुगल सारस्वत, मोहनलाल सारस्वत, रामावतार सैनी, पूनम तावणिया, दीपक शर्मा, श्यामसुंदर माली, राकेश सारस्वत योगेंद्र शर्मा, राघवेंद्र शर्मा, जगदीश शर्मा, शुभम शर्मा, भावेश शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन पूजा और महामाया शर्मा ने किया। गांव मिंगसरिया नोसरिया में ठाकुरजी मंदिर से धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें न्यू गायत्री स्कूल के समस्त छात्र छात्राएं शामिल रहें। निदेशक अशोक सिंह, व्यवस्थापक संदीप सिंह, हनुमान प्रजापत, राधेश्याम गोदारा, शिवलाल प्रजापत, रामनिवास प्रजापत, राजू गोदारा, राधेश्याम स्वामी, मनोज, रतनलाल मिस्त्री, दलीपसिंह सहित बड़ी संख्या में युवा व ग्रामीण शामिल हुए। वार्ड नं 13 व14 के व्यापारियों ने आपसी सहयोग से रामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम से मनाया। यहां पूजा अर्चना के साथ भजन कीर्तन कर खूब जयकारे लगाए। सभी ने एक दूसरे को मिठाईयां खिलाकर बधाईयां दी। गांव गुसाईंसर बड़ा में युवाओं ने हनुमानजी मंदिर में दीपोत्सव मनाया और गांव के परशुराम चौक को सजाया। यहा सुनील शर्मा, वीर सारस्वा, कर्ण शर्मा, गौरीशंकर, लालचंद, सुनील सहित अनेक स्वयंसेवकों ने दीपोत्सव में भाग लिया व जमकर जयकारे लगाए। आड़सर बास माताजी मंदिर में दीपोत्सव मनाया गया और सोमवार को दिनभर धार्मिक अनुष्ठान किए गए। मंदिर को रंगबिरंगी रोशनियों से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यहां आयोजित रामोत्सव के आयोजनों में भाग लिया। वहीं विदेशों में रहने वाले श्रीडूंगरगढ़ के युवाओं ने वहां आयोजित रामोत्सव में उत्साह के साथ भाग लिया और खूब जयकारे लगाए। आप भी देखें सभी विशेष फोटो-






















