May 21, 2026
0000000

चार दिन से एक दर्जन घर अंधेरे में, टूटा पोल ठीक करने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत 3 जून की रात में आए तेज अंधड़ में गांव धोलिया में मघाराम सहू के घर के निकट एक बिजली पोल गिर गया। इस पोल से आगे एक दर्जन घर उसी रात से दिन रात गर्मी व अंधेरे में डूबे है। ग्रामीणों ने बताया कि इस जर्जर पोल को बदलने की मांग कई बार की गई और अब पोल गिरने पर भी अनेक बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। परंतु आज चौथे दिन तक सुनवाई नहीं की गई है। गांव के सक्रिय युवा संतोष गोदारा ने बताया कि धोलिया ग्रामीण फीडर से निकलने वाली इस लाइन का पोल गिरने से एक दर्जन परिवार बिजली सप्लाई के लिए परेशान हो रहें है। लाइन मैन से लेकर जेईएन, एईएन व एफआरटी टीम तक को कई बार सूचना देकर इसे ठीक कर सप्लाई सुचारू करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने इसे शीघ्र दुरस्त कर सप्लाई सुचारू करने की मांग की है।


गंदे व बदबूदार पानी की सप्लाई से नाराज वार्डवासी, सुधार की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के वार्ड 8 में शुक्रवार को गंदे व बदबूदार पानी की सप्लाई आई। वार्डवासी गंदे पानी की सप्लाई से नाराज हुए व तुरंत घरों में नलों को बंद कर दिया गया। दिवंगत नेता किशनाराम नाई के घर वाली पूरी गली में सप्लाई गंदे पानी की आई, जिससे लोग खासे परेशान हुए। महिलाओं ने सप्लाई कुंड में होने व गंदे पानी से कुंड का पूरा पानी खराब होने की बात कही। वार्डवासियों ने तुरंत विभागीय अधिकारियों से सप्लाई लाइन की जांच करने व साफ पानी की सप्लाई सुचारू करवाने की मांग की है।

नाले में धंसी कार, सवार सहित नागरिकों ने जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीते बुधवार को सुबह हुई बरसात में एसबीआई बैंक के निकट स्थित एक खुले नाले में बच्चे सहित महिला के गिरने की घटना पर नागरिकों ने खासा आक्रोश जताया। शुक्रवार को गांधी पार्क के पास स्थित एक खुले नाले में एक कार धंस गई। चालक के प्रयत्न के बावजूद कार नहीं निकली व किसी क्रेन से मदद लेने की बात मौके पर की गई। वहीं सवार सहित आस पास के व्यापारियों ने भी इस नाले को ढकने व खुले नालों से दुर्घटनाओं को निमंत्रण मिलने की बात कहते हुए पालिका के विरूद्ध नाराजगी जताई। व्यापारियों ने बड़े व खुले नाले जो किसी के गिरने या वाहनों के धंसने वाले हो सभी पर लोहे की मजबूत जालियों से ढकने की बात कही है।