






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जुलाई 2023। बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के निवासी एक संविदा कार्मिक भ्रष्टाचार करते हुए एसीबी के हत्थे चढ़ गया एवं दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगें हाथों पकड़ा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव आड़सर का निवासी दिपक कुमार सांखला इन दिनों संविदा भर्ती में राजलदेसर नगरपालिका में दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में बतौर सामुदायिक संगठक (सीओ) पद पर कार्यरत है। आरोपी ने परिवादी से किए कए कार्य के बकाया बिलों का भुगतान करने के एवज में दस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी की चूरू इकाई में की। जिस पर एसीबी, बीकानेर के उप महानिरीक्षक हरेन्द्र महावर के सुपरवीजन में एसीबी चूरू़ इकाई के उपअधीक्षक पुलिस शब्बीर खान द्वारा शिकायत का सत्यापन किया और बुधवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए दीपक कुमार पुत्र रामकुमार सांखला निवासी आड़सर, श्रीडूँगरगढ़ को परिवादी से 10 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते हुये गिरफ्तार किया गया है। एसीबी के महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।



