






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 मार्च 2023। अमर शहीद भगतसिंह, राजगुरू व सुखदेव की शहादत को याद कर शहीद अमर रहें के नारे आज सुबह श्रीडूंगरगढ़ की गलियों में गूंजे। सैंकड़ो विद्यार्थियों ने हाथों में शांति और अहिंसा का संदेश देने वाली तख्तियां लेकर नेहरू पार्क से गांधी पार्क तक अहिंसा यात्रा निकाली। नेहरू पार्क में विद्यार्थियों ने क्षेत्र के शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी, शहीद राकेश चोटिया व शहीद हेतराम गोदारा के चित्रों पर पुष्पहार पहनाकर नमन किया। विद्यार्थियों ने सर्वधर्म प्रार्थना की व देषभक्ति गीत गाया। तहसीलदार राजवीर कड़वासरा ने विद्यार्थियों को देशसेवा में श्रेष्ठ बलिदान प्राणोत्सर्ग को बताते हुए जीवन में अहिंसा का महत्व बताया। इस दौरान शहरी क्षेत्र की करीब 20 स्कूलों के विद्यार्थियों ने रैली में भाग लिया। उपखंड स्तरीय कार्यक्रम में सिटी पटवारी शंकर जाखड़, सीबीईओ कार्यालय से एसीबीईओ ईश्वरराम गरूवा, आरपी पवन शर्मा सहित शिक्षक व शिक्षकाएं उपस्थित रही। राउमावि के प्रधानाचार्य आदूराम जाखड़ एनएसएस के छात्र व रामकृष्ण पन्नीवाल स्काउट के विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सहयोग सेवाएं दी।
जिम्मेदार रहे उदासीन, बच्चों के लिए पीने का पानी तक नहीं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अहिंसा यात्रा की रैली में सैंकड़ो विद्यार्थी शामिल हुए और बच्चों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था तक जिम्मेदारों ने नहीं की। व्यवस्था प्रभारी नगरपालिका ने आयोजन में रुचि नहीं ली और एन मौके पर पानी टेबल, कुर्सी राबाउमावि माहेश्वरी स्कूल से मंगवाई गयी। उपखंड अधिकारी के संयोजन में अन्य विभागों के अधिकारी, नेहरू युवा केन्द्र के युवा, गांधीवादी संस्थाओं, खादी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल होना था परंतु इनमें से कोई नहीं आया। नागरिकों में चर्चा है कि आयोजन शिक्षा विभाग का प्रतीत हो रहा था।












