May 21, 2026
00000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अगस्त 2025। विवाह समारोहों, जन्म उत्सवों में पौधे वितरण करने के अनेक आयोजन होने लगे है। परंतु किसी परिजन की मृत्यु पर 12वें दिन गांव में फलदार व छायादार पौधों का वितरण करने जैसे आयोजन आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति आ रही जन चेतना का ही स्वरूप है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेनीसर के गांव भोजास में अपने दिवंगत पिता की स्मृति में उनके तीन पुत्रों ने 12वें दिन गांव में फुलदार व फलदार पौधों का वितरण कर पर्यावरण के लिए नई पहल की है। दिवंगत रेवंतसिंह राजपुरोहित के पुत्र तोलसिंह, राजूसिंह व श्रवणसिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 501 ग्रामीणों को आम, अमरूद, पपीता, सीताफल, फालसा, आंवला, कटहल, तुलसी, अंजीर, ईमली के पौधों का वितरण किया। परिवार द्वारा पौधा देते हुए उसका पालन जरूर करने की प्रेरणा भी दी। वहीं परिवार के सदस्यों द्वारा श्मशान भूमि में बड़, पीपल जैसे छायादार पौधे लगाए। परिवार ने बड़, पीपल के पौधों का पालन पोषण करने का संकल्प भी लिया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रयासरत सांवतसर निवासी कैलाश विश्नोई ने बताया कि परिवार के इस प्रयास की गांव के बड़े बुजुर्गों ने भी सराहना की।