






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अगस्त 2024। सोमवार मध्य रात्रि को कस्बे में जैसे हर्ष व उल्लास का सूर्य निकल आया हो। हर घर व गली में नंद घर आनंद भयो जय कन्हैयालाल की के जयकारे गूंज रहें थे। कृष्ण भक्तों ने 12 बजे कृष्ण आरती के साथ थालियां बजाई व पटाखे फोड़े। लोगों ने एक दूसरे को कृष्ण जन्म की बधाईयां दी। प्रसाद वितरण के आयोजन हुए। घर घर में उत्सव मनाया गया। कन्हैया के झूले सजाकर उन्हें झूले झूलाते हुए भगवान का स्वागत किया गया। पूरा अंचल कृष्णमय हो गया। आप भी देखें मंदिरों में हुए विशेष आयोजनों के साथ घरों में सजाए कृष्ण राधा के सुदंर फोटो और खूब सराहे नन्हें मुन्नों को।
आड़सर बास के श्याम मंदिर में बाबा का भव्य श्रृंगार कर दरबार सजाया गया। यहां श्रीश्याम सखा मंडली द्वारा धूमधाम से जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। भक्तों ने खूब जयकारे लगाए और भजनों पर झूमते हुए आनंद लिया। गांव धीरदेसर चोटियान में स्थित ठाकुरजी मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर प्रागंण में सजावटें की गई और कान्हाजी का झूला सजाया गया। मध्यरात्रि तक भजन कीर्तन किया गया। पंडित सुरेश शर्मा ने बताया कि मध्यरात्रि को आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। प्रभुराम सुथार ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लिया। झूलेलाल मंदिर में धूमधाम से जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। यहां मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें खूब जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ युवाओं ने भाग लिया। रवि रिझवानी ने बताया कि मीना मोरवानी के संयोजन में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कन्हैया के जन्मदिन का केक भी काटा गया। सभी बच्चों को सिंधी पंचायत अध्यक्ष श्रवणकुमार गुरनाणी ने प्रोत्साहित किया। पंडित मांगीलाल उपाध्याय ने कृष्ण आरती संपन्न करवाई व सभी को प्रसाद वितरण किया गया। हनुमान धोरा मंदिर प्रांगण को गुब्बारों व फुलों से सजाया गया। यहां भजन कीर्तन के साथ कृष्ण लीला का मंचन हुआ। वासुदेव व कान्हा की झांकी सजाई गई। मटकी फोड़ आयोजन में जबरदस्त उत्साह के साथ किशोरों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया व खूब जयकारे लगाए। कृष्ण जन्म के समय आतिशबाजी की गई। पुजारी शिवभगवान द्वारा मध्यरात्रि को आरती संपन्न करवाई गई। सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।





























