May 20, 2026
0000010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2023। विभिन्न स्कूलों के बच्चे और शिक्षकों की मौजूदगी में आज मालू भवन में अणुव्रत प्रेरणा दिवस मनाया गया। साध्वी डॉ संपूर्णयशा ने बच्चों के निर्माण में अणुव्रत की भूमिका महत्वपूर्ण बताई। साध्वी ने कहा कि जिस तरह त्याग के बिना धन बेकार है उसी तरह आत्मिक शांति के लिए अणुव्रत जरूरी है इससे सदाचारी गुणों का विकास होता है और बालक वाणी भी शुभ बोलना सीखता है। उन्होंने कहा कि आज बच्चों में व्यवहारिकता और विनम्रता की कमी आ रही है और इस कमी को अणुव्रत से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने अणुव्रत के नियम बताए। कार्यक्रम में साध्वी अणुव्रत चेतना के बारे में बताते हुए कहा कि राष्ट्र की नींव को मजबूत करने के लिए अणुव्रती बच्चों का होना जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलवाया। अणुव्रत समिति के संरक्षक विजयराज सेठिया ने खाद्य सामग्री में हो रही मिलावट के प्रति जागरूक होने की बात कही। प्ररेणा दिवस प्रभारी मनोज गुसाई ने बच्चों को गलत व अत्याचार का विरोध करने की प्रेरणा देते हुए भ्रूण हत्या, महिला व बालिका अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने, जरूरतमंद की मदद के लिए तत्पर रहने की बात कही। अध्यक्ष सुमति पारख ने बुधवार को मनाए जाने वाले पर्यावरण शुद्धि दिवस के बारे में जानकारी दी। संस्था उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने अणुव्रत के बारे में जानकारी दी। मंच संचालन करते हुए मंत्री एड रणवीरसिंह खीची ने सभी का आभार जताया। प्रचार प्रसार मंत्री अशोक झाबक ने बताया कि कार्यक्रम में संजय पारीक, अशोक वैद, शुभकरण पारीक, विक्रम मालू सहित अनेक सदस्य शामिल हुए। इस दौरान संस्कार इनोवेटिव स्कूल, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल व महाराणा प्रताप स्कूल के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।