






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मई 2026। श्रीडूंगरगढ़ के 145वें स्थापना दिवस के उपलक्ष में आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने थार के मझदार में बसे श्रीडूंगरगढ़ के यश कागान किया और यहां के लोगों के मिलनसारिता वाले सदव्यवहार की सराहना की। सम्मेलन कथावाचक संतोष सागरजी महाराज के सान्निध्य में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत, विशिष्ट अतिथि विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, समारोह की अध्यक्षता कर रहें भामाशाह भीकमचंद पुगलिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम प्रारंभ किया। सभी कवियों का राजस्थानी परम्परा से स्वागत सम्मान किया गया। भामाशाह भीकमचंद पुगलिया ने सभी का आभार जताते हुए समाज के जागरण में कवियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
मां सरस्वती की वंदना डॉ सपना सोनी ने प्रस्तुत दी। वहीं छैलू चारण छैल ने सम्मेलन का आगाज किया। छैल ने श्रीडूंगरगढ़ का यशगान किया और किसान की पीड़ा और देशभक्ति को स्वर दिए। छैल ने बेटियों पर भाव भरी गजल सुनाकर महफ़िल की खूब दाद लुटी। जयपुर के कवि गजेंद्र कविया ने हास्य रस से गुदगुदाया। कविया ने राजस्थानी भाषा के संरक्षण की प्रेरणा दी। ऋग्वेद की प्रथम ऋचा का उल्लेख करते हुए नई पीढ़ी को मोबाइल से दूर रहने की बात कही। कवि चिराग जैन ने लक्ष्मण के मूर्छित होने के प्रसंग के साथ रामायण पर भाव भरी भावनाओं को शब्द दिए और राम व हनुमान भक्ति का संचार किया। चिराग ने भाजपा व कांग्रेस की बात कहते हुए लोकतंत्र में जागरूक होकर आवाज उठाने की प्रेरणा दी। डॉ सपना सोनी ने प्रेम भाव सुना कर श्रृंगार रस बरसाया और बेटियों को भी बेटों की तरह ही बुढ़ापे का सहारा बताया। राधे और श्याम के प्रेम को काव्यपाठ में सुनाया। सोनी ने दांम्पत्य जीवन पर सुंदर रचना प्रस्तुत की। मध्यरात्रि में हरीश हिंदुस्तानी ने हास्य व्यंग्य के रंगों में सम्मेलन में रंग भरे। शहरों में कम हो रहें प्रेम पर व्यंग्य किया। पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए उच्च अधिकारियों के प्रोटोकॉल पर ठहाके लगवाए। प्रसिद्ध कवि हरीश हिंदुस्तानी ने प्रभावी मंच संचालन किया।
प्रसिद्ध कवि राकेश विद्रोही भी सम्मेलन सुनने पहुंचे और मंचासीन कवियों को सुना। कार्यक्रम में आयोजन समिति के मनोज डागा, विमल भाटी, ओमप्रकाश गांधी, सत्यनारायण स्वामी, एडवोकेट रणवीरसिंह खिची, रणजीत पारीक, दीपक पांडिया, एडवोकेट प्रवीण पालीवाल, अमित पारीक, परमेश्वर सुथार, गोविंद सारस्वा, जितेंद्र सोनी, दीनदयाल माली, अनमोल मोदी, शेरसिंह राजपूत, आपणो गांव सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित, भाजपा के हेमनाथ जाखड़ सहित अनेक श्रोता शामिल हुए।






