






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 फरवरी 2022। तकनीक के जमाने में अपराध रोकने एवं होने वाले अपराधों का खुलासा करने के लिए सीसीटीवी कैमरे पुलिस की आंख का काम करते है। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में भी पुलिस द्वारा घूमचक्कर, बाजार, झंवर बस स्टैण्ड़, कालू रोड़ आदि स्थानों पर कैमरे लगाए गए है। लेकिन व्यवस्था की बदहाली यह है कि पिछले कई दिनों से ये कैमरे बंद पडे हुए है एवं चोरों ने भी इसे सुनहरा अवसर मानते हुए लगातार चोरियां कर साबीत भी कर दिया कि पुलिस की आंखें बंद है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के बीच में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को इन चोरों द्वारा शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र घूमचक्कर सर्किल पर दिनदहाड़े बाईक चोरी कर पुलिस को चुनौती दी गई है। कस्बे के आडसर बास निवासी दीपक जोशी बीकानेर की एसबीआई बैंक में कार्यरत है। वह गत नौ माह से लगातार हर रोज सुबह अपने घर से घूमचक्कर तक मोटरसाईकिल पर आता है एवं वहां से बीकानेर के लिए बस पकड़ता है। घूमचक्कर पर वह अपनी मोटरसायकिल मालजी होटल के पास खड़ी करता है एवं शाम को बीकानेर से आकर बाईक पर घर आ जाता है। हर रोज की तरह वह शुक्रवार को भी अपनी बाईक खड़ी कर बीकानेर गया लेकिन शाम को वापस आया तो उसकी बाईक वहां नहीं मिली। कस्बे के सबसे व्यस्त क्षेत्र में से दिनदहाड़े अज्ञात चोर ने उसकी बाईक पार कर ली। इस संबध में दीपक ने पुलिस को रिपोर्ट दी है लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। बंद पडे कैमरों के कारण क्षेत्रवासियों में रोष है एवं लगातार हो रही चोरियों के बाद आम जन द्वारा पुलिस गश्त बढ़ाने, कैमरे सही करवाने की मांग की गई है।



