






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अप्रैल 2025। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण शराब के नशे में लापरवाही पुर्वक वाहन चलाना भी है एवं सोमवार रात्रि को ऐसे ही शराब के नशे में सड़क पर स्टंट कर हंगामा करते हुए पांच युवक बीकानेर आईजी के हत्थे चढ़ गए। सोमवार को चूरू में हुई मुख्यमंत्री की सभा में गए बीकानेर आईजी ओमप्रकाश सोमवार रात्रि को वापस लौट रहे थे। श्रीडूंगरगढ़ से करीब 10 किमी पहले कुछ युवक शराब के नशे में कार चलाते हुए हाईवे पर स्टंट करने लगे। रात करीब 11 बजे हुई इस घटना में कार सवार युवकों ने हाईवे पर जम कर स्टंट किया एवं करीब 300 मीटर तक कार को हाईवे पर लहराया। आईजी के सामने स्टंट मारना इन युवकों को महंगा पड़ गया एवं आईजी की एस्कार्ट कर रहे एएसआई राजकुमार, कांस्टेबल पुनीत, ड्राईवर रामनिवास, आरएएसी कांस्टेबल योगेश आदि पुलिसकर्मियों ने नेशनल हाईवे पर सीखवाल होटल के पास उन्हें धर लिया। थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कार के चालक झुंझुनु के सुरजगढ़, स्वामी रोही निवासी युवक पंकज जाट को एमवी एक्ट 185 में गिरफ्तार किया गया एवं गाड़ी को सीज किया गया। कार में सवार युवक झुंझुनु, चिड़ावा के चिड़ासन निवासी शिवकुमार जाट, सिंघाना के डाढ़ोता निवासी पीयूष शर्मा, बुवाना के डाढोट निवासी कर्मपाल ओला व सिंघाना के जयसिंहसर निवासी नवीन डेला को बीएनएसएस की धारा 170 में गिरफ्तार किया गया है। सभी पांचों युवकों को रात भर हवालात में रखा गया है।



