May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 सितम्बर 2021। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद हर कोई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल तो उठा ही रहा है लेकिन यह समय है कि जब क्षेत्र पर अपराधियों का खतरा मंडरा रहा है तो केवल पुलिस की जिम्मेदारी पर सवाल उठा कर बात को आई गई नहीं करें और सभी जिम्मेदार लोगों पर सवाल उठाएं। चोरों की तलाश में अभी तक पुलिस के हाथ खाली है और पुलिस जनजागृति व जनचेतना के सहारे भविष्य में होने वाली घटनाओं को रोकने के प्रयास में नींव तैयार कर रही है। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि कस्बे के मुख्य बाजार में रामस्नेही कटले के पास 8 दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाने को पाबंद करवाया गया है और पूरे कस्बे में जनजागृति के लिए मुनादी करवाई जा रही है कि नागरिक अपनी मोटरसाइकिल बिना लॉक के खड़ी नहीं करने, आंखों के सामने खड़ी करने, रास्ते के बीच में खड़ी नहीं करने आदि मुनादी करवाई जा रही है। साथ ही किसी को भी कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

जिम्मेदारी सबकी, पालिका क्यों नहीं मान रही पुलिस का आग्रह, बड़ा सवाल..?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपने क्षेत्र को सुरक्षित रखनी की जिम्मेदारी दिखते तौर पर भले ही पुलिस की हो लेकिन पुलिस के लिए भी सामूहिक सहयोग के बिना चोरों से सुरक्षा करना मुश्किल है। कस्बे की जनता को जागरूक होने के साथ साथ आवश्यक है कि अन्य सरकारी विभाग भी पुलिस को सहयोग करे। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बिगड़ रही कानून व्यवस्था और बढ़ रहे अपराधों में कही ना कही नगरपालिका का भी जिम्मा है क्योंकि पुलिस ने कई बार पालिका से लिखित ओर मौखिक आग्रह कर कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आग्रह कर चुकी है। लाखों रुपये की लागत से थैले बंटवाने, कचरा पात्र बंटवाने, पौधे लगवाने के कार्य करने वाली पालिका के पास कस्बे की सुरक्षा से जुड़े इस विषय पर बजट का अभाव क्यों दिखाया जाता है.? आज क्षेत्रवासी यह बड़ा सवाल पालिका प्रशासन और पालिका में चुने हुए जनप्रतिनिधियों से पूछ रही है।