






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 सितम्बर 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बिजली संकट सबसे बड़ा मुद्दा है और आए दिन इस विवाद को लेकर क्षेत्र में तनातनी चलती रहती है। किसान और विभाग तो बिजली के मुद्दे पर कई बार आमने सामने होते रहे है लेकिन चिंता की बात है कि गांव लोढेरा में किसान ही आपस में आमने सामने हो गए एवं किसानों के एक गुट ने बुधवार शाम को जीएसएस पर कब्जा कर लिया और विभागीय अधिकारियों पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए जीएसएस को शटडाउन कर दिया। शटडाउन करने से गांव लोढेरा सहित करीब 140 कृषि कुंओं ढाणियों की सप्लाई बंद हो गई। किसानों ने शाम पांच बजे जीएसएस पर कब्जा कर लिया था एवं देर रात तक कब्जा जारी रहा। पहले तो विभागीय अधिकारियों ने समझाईश का प्रयास किया लेकिन रात दो बजे पुलिस हस्तक्षेप के बाद किसानों ने जीएसएस को मुक्त किया। प्रकरण में गुरूवार सुबह निगम के सहायक अभियंता मुकेश मालू व अन्य कार्मिक पहुंचें एवं किसानों से समझाईश कर सहमति बनाई। मालू ने ग्रामीणों को 87 कुंए वाले फीडर के दो फीडर बनाने का आश्वासन दिया।
यह था प्रकरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लोढेरा 33केवी जीएसएस नया ही बना है एवं बनने से पहले ही यह विवादित हो गया था। अपने अपने कुंओं के फीडर की सुविधानुसार ग्रामीणों के अलग अलग गुट इसे अपनी अपनी जगह बनवाना चाह रहे थे एवं दो बार जीएसएस का निर्माण शुरू हुआ। जीएसएस बनने के बाद भी गुटबाजी जारी रही एवं जीएसएस के तीन फीडरों में से एक में 24, दूसरे में 30 और तीसरे में 87 कुंओं को जोड़ा गया। यहां से विवाद पुन: खड़ा हो गया एवं 87 कुंओं वाले फीडर के किसान लंबे समय से लोढ़ तीनों फीडरों में बराबर बांटने की मांग कर रहे थे। सुनवाई नहीं होने पर इन किसानों ने बुधवार शाम को जीएसएस पर कब्जा कर लिया। 87 कुंए वाले फीड़र में लोढेरा के अलावा गुंसाईसर बड़ा एवं डेलंवा की रोही के कुंए भी शामिल है।
जिम्मेदारों ने कहा ये…
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विभाग के एईएन मुकेश मालू ने बताया कि लोढेरा जीएसएस में विभाग का नया सेटअप है जिसे सुचारू करने के लिए लगातार प्रयास जारी है। लाईनिंग के आधार पर कई बार कुंए कम ज्यादा हो जाते है। इसमें डेलवां गांव के कुंए भी शामिल है शीघ्र ही अब डेलवां के लिए दो फीड़र कर दिए जाएगें इससे 87 कुंओं का लोढ़ आपस में बांट दिया जाएगा तो समस्या का समाधान हो जाएगा।





