






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अक्टूबर 2025। मोबाईल का अनियमित एवं अनियंत्रित उपयोग बच्चों एवं बचपन के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है, आवश्यकता है कि इसका उपयोग सीमित एवं सावधानी से किया जाए। यह आह्वान श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने गुरूवार को क्षेत्र की सबसे बड़ी स्कूल भारती निकेतन स्कूल में हजारों विद्यार्थियों से किया। संस्था निदेशक ओमप्रकाश स्वामी ने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला ने साईबर सुरक्षा पर जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने बच्चों, शिक्षकों को विस्तार से मोबाईल के अनजाने खतरों, सोशल मीडिया एप्स, विभिन्न ठगी के एप्स, खेलों के एप्स आदि के माध्यम से हो रहे गंभीर अपराधों के बारे में बताया एवं इन शातिर अपराधियों का सॉफ्ट टारगेट कम उम्र के बच्चे, टीनऐज लडकियों को बताया। पारीक ने मोबाईल शौक के बजाए केवल काम का उपकरण मान कर जीवन में उतना ही उपयोग में लेने को कहा जितन उपयोगी अन्य गैजेटस को लेते है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी पुलिस अधिकारी बन कर आमजन से ठगी करने, लोन के झांसे में लेकर ठगी करने आदि साईबर क्राईम के बारे में बताया एवं सावधान रहने की जानकारियां दी। स्वामी ने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की फेक सूचनाओं को आगे बढ़ाने, फेक आईडी बना कर किसी को बदनाम करने, परेशान करने आदि को अपराध बताते हुए ऐसा नहीं करने व सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग ही करने की प्रेरणा दी। विदित रहे कि भारती निकेतन स्कूल द्वारा नियमित रूप से ऐसे विभिन्न सेमीनार आयोजित करवाए जाते रहे है एवं बच्चों को देश का जिम्मेदार नागरिक बनाने के प्रयास जारी रहते है। भारती निकेतन द्वारा दोनो अधिकारियों को आभार जताया गया। 




