






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2023। राजस्थान विधानसभा चुनाव की अधिसूचना सोमवार से लागू होने के बाद चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल करवाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चूंकि है। इस चुनाव से जुड़े कई रोचक तथ्य श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों के लिए टाइम्स की विशेष रिपोर्टिंग “इस चुनाव में होगा ये पहली बार” शुरू किया गया है जिसमें प्रतिदिन शाम 4 बजे एक आलेख टाइम्स के पाठकों के समक्ष रखा जाएगा। इसी क्रम में प्रस्तुत है आज दूसरा एपिसोड..
घरों में बनेगें मतदान केन्द्र, पूरी गोपनीयता से घरों से होगा मतदान, जाने पहली बार हो रहे होम पोलिंग के प्रयोग के बारे में विस्तार से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2023। खटिया पर सवार बीमार को चार जनों द्वारा कंधों पर उठा कर लाने, किसी दिव्यांग को गोदी लेकर आने, किसी दिव्यांग के घसीटते हुए पोलिंग बूथ तक आने जैसे फोटो भले ही हर चुनाव में मतदान के प्रति जनता की जागरूकता की मिसाल बनते हो लेकिन इस बार चुनाव आयोग ने नया प्रयोग किया है। इस बार पहली बार आयोग की पहल पर होम पोलिंग का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इसके तहत 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग की पोलिंग पार्टी उनके घरों तक आएगी। इस दल द्वारा घरों में ही पूरा मतदान केन्द्र का सेटअप लगा कर पूरी गोपनीयता के साथ उनका वोट लिया जाएगा।
कौन हो सकता है पात्र.?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगों को चुना गया है। लेकिन इसके लिए पहले संबधित मतदाता को अपने बीएलओ को इसके लिए आवेदन करना होगा। इसके बाद बीएलओ द्वारा सर्वे एवं जांच के पश्चात यह सुनिश्चित किया जाएगा की आवेदक मतदाता वास्तविक रूप से मतदान केन्द्र तक पहुंचने में असक्षम है। इसके बाद उसका आवेदन स्वीकार किया जाएगा एवं स्वीकार किए गए आवेदकों की होम पोलिंग करवाई जाएगी।
मतदान 14 नवम्बर से होगा शुरू, 8 पोलिंग पार्टियां घूमेगी घरों में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चयनित बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में 8 विशेष पोलिंग पार्टियां लगाई जाएगी। ये पोलिंग पार्टियां अधिकतम दो बार मतदाता के घर जाकर उनका वोट पोल करवाएगी। मजे की बात यह है कि राज्य में चुनाव के लिए मतदान 25 नवम्बर को होना है लेकिन इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत 14 नवम्बर से 20 नवम्बर के बीच ही मतदान करवा लिया जाएगा। यहां ध्यान देने योग्य यह बात है कि जिन मतदाताओं का होम पोलिंग के लिए चयन हो जाएगा उनका नाम 25 नवम्बर को मतदान केन्द्रों पर पहले ही कट जाएगा। ऐसे मतदाता मतदान केन्द्र पर वोट नहीं दे पाएगें। ऐसे में अगर ये मतदाता होम पोलिंग पार्टी के घर आने के दौरान अपना वोट नहीं दे पाए तो भी वे 25 नवम्बर को मतदान करने के लिए अयोग्य माने जाएगें।
8 हजार से ज्यादा मतदाता, अनुमानित 400-500 होंगे चयनित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधानसभा चुनावों की मतदाता सूची के अनुसार इस चुनाव में 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 6243 हजार से मतदाता है। इसी प्रकार 2273 मतदाता दिव्यांग है। लेकिन मतदान केन्द्र तक आने में पूर्णतया असक्षम मतदाताओं की संख्या में एक मोटे आंकलन एवं अनुमान के अनुसार 400 से 500 के बीच चयन तक ही संख्या पहुंच पाएगी।



