






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अगस्त 2024। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की साहित्यिक संस्था राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति द्वारा दिए जाने वाले राष्ट्रीय साहित्य पुरस्कारों में वर्ष 2024 के पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि, उपाध्यक्ष बजरंग शर्मा, मंत्री रवि पुरोहित ने बताया कि मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान अजमेर के कथाकार प्रफुल्ल प्रभाकर को, नंदलाल महर्षि स्मृति हिंदी सृजन पुरस्कार जयपुर के कथाकार प्रबोध कुमार गोविल को वर्ष 2023 में प्रकाशित उनके उपन्यास टापुओं पर पिकनिक के लिए, शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार दिल्ली की साहित्यकारा रिंकल शर्मा को वर्ष 2023 में प्रकाशित नाट्य कृति ‘बुरे फंसे के लिए, श्याम सुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार दिल्ली की वरिष्ठ बाल साहित्यकार सुमन वाजपेयी को वर्ष 2023 में प्रकाशित उनके बाल उपन्यास ‘तारा की अनोखी यात्रा के लिए, सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार लखनऊ के प्रभु झिंगरन को वर्ष 2022 में प्रकाशित उनकी कृति ‘ड्रोन पत्रकारिता के लिए प्रदान किया जाएगा। समिति के आयोजन समन्वयक महावीर माली ने बताया कि सभी पुरस्कार 14 सितम्बर, 2024 को श्रीडूंगरगढ में जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (वि.वि.) और समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोज्य भव्य समारोह में अर्पित किये जायेंगे। संस्था के कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी के अनुसार मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान में 21 हजार रुपए नगद तथा अन्य सभी चयनित कृतियों के रचनाकारों को पुरस्कार स्वरूप ग्यारह हजार रूपये नगद राशि के साथ सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल आदि अर्पित किए जायेंगे। आयोजन सचिव महावीर सारस्वत ने बताया कि रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।



