June 2, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जून 2026। 3 और 4 जून को भी एक पश्चिमी विक्षोभ से बरसात का अलर्ट पुलिस ने जारी किया है। वहीं शनिवार को हुई हल्की बरसात से भी कस्बे में हालात खराब हो गए व जगह जगह जलभराव हो गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पालिका मानसून पूर्व तैयारी में फिसड्डी ही साबित हो रहा है। यहां खुले चैंबरों का मंडराता खतरा, अनेक स्थानों पर गंदगी का जमाव और हल्की सी बरसात में ही होने वाले जलभराव से आमजन बेहाल है। लोग प्रशासन से मानसून से पहले सभी नालों की सफाई करवाने व खुले चैंबरों को ढकवाने की मांग कर रहें है।
आपणों गांव सेवा समिति के सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। समिति सदस्यों ने जगह जगह खुले ड्रेनेज पर चिंता प्रकट करते हुए इन्हें लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया। सदस्यों ने इन्हें समय पूर्व ढकवाने की बात कही। यहां उपजिला अस्पताल रोड पर खुले चैंबर में मंगलवार सुबह एक गांव से शहर में आ रही पिकअप फंस गई। पिकअप चालक ने मुश्किल से क्रेन बुलाकर पिकअप को बाहर निकलवाया व शहर की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई। मोमासर बास में मदर इंडिया स्कूल के निकट गलियों में जलभराव का पानी निकल गया परंतु यहां गलियों में गंदगी फैली हुई है। वार्ड 9 के निवासियों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि गत लंबे समय से ना तो वार्ड की सफाई हुई है ना ही कचरा उठाया जाता है। नागरिकों ने बताया कि यहां घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
बता देवें पालिका द्वारा चारों मोहल्लों के लिए टीमों का गठन कर मानसून से पहले नालों की साफ सफाई किए जाने का दावा किया गया, परंतु आमजन कार्य नहीं होने से परेशान है।